समर शेड्यूल का असर:, नासिक, उदयपुर, जम्मू और भुवनेश्वर की डायरेक्ट फ्लाइट बंद

, नासिक, उदयपुर, जम्मू और भुवनेश्वर की डायरेक्ट फ्लाइट बंद
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर। रविवार से लागू हुए समर शेड्यूल के साथ ही शहर की हवाई कनेक्टिविटी पर असर देखने को मिल रहा है। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से नासिक, उदयपुर, जम्मू और भुवनेश्वर के लिए संचालित चार सीधी उड़ानें बंद कर दी गई हैं। इन सेवाओं के बंद होने से यात्रियों को अब इन शहरों तक पहुंचने के लिए अन्य शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेना पड़ेगा।

    श्रद्धालुओं को अतिरिक्त समय और खर्च

    गर्मी के सीजन में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह बदलाव परेशानी बढ़ाने वाला साबित हो सकता है। खासकर जम्मू की उड़ान बंद होने से माता वैष्णो देवी और कश्मीर जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त समय और खर्च का सामना करना पड़ेगा। वहीं नासिक की उड़ान बंद होने से शिर्डी और त्र्यंबकेश्वर जाने वाले यात्रियों की राह भी मुश्किल हो जाएगी, क्योंकि सड़क और रेल मार्ग से सफर अपेक्षाकृत लंबा हो जाता है।

     नई उड़ान की घोषणा नहीं

    बताया जा रहा है कि ये चारों उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित की जाती थीं। फिलहाल समर शेड्यूल में किसी नई उड़ान की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि फ्लाई-91 कंपनी द्वारा जलगांव और हैदराबाद के लिए नई सेवा शुरू करने की तैयारी है, लेकिन इसकी समय-सारिणी अभी जारी नहीं हुई है।

    अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भी बदलाव

    इस बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भी बदलाव किया गया है। शारजाह के लिए संचालित उड़ान, जो हाल ही में बंद कर दी गई थी, उसे अप्रैल से दोबारा शुरू किया जाएगा। पांच अप्रैल से इसकी बुकिंग भी शुरू हो रही है, लेकिन अब यह उड़ान सप्ताह में सात दिन की बजाय केवल चार दिन ही संचालित होगी।

    एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, रनवे के नवीनीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद अप्रैल से एयरपोर्ट 24 घंटे संचालन के लिए तैयार रहेगा। साथ ही पुराने टर्मिनल से भी उड़ानों का संचालन शुरू किया जा सकेगा, जिससे भविष्य में उड़ानों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts