बंदूक का रसूख जाने का डर, 10 दिन में 65 बकायादारों ने जमा किए 35 लाख
बिजली बिल न भरने पर शस्त्र लाइसेंस कैंसिल करने की दी थी धमकी

राजीव कटारे-ग्वालियर। बिजली बिल न भरने पर शस्त्र लाइसेंस कैंसिल करने की मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की धमकी का ऐसा असर हुआ कि बकायादारों ने लाखों रुपए के बिल जमा करा दिए। बिजली बिल के बकायादार उपभोक्ताओं ने शस्त्र लाइसेंस जाने के डर से करीब 10 दिनों के भीतर कंपनी को 35 लाख रुपए जमा करा दिए हैं। बिल भरने वाले इन 65 लोगों को यह डर था कि बकाया बिल से इनके शस्त्र के शौक को झटका न लग जाए। बिल भरे जाने से बिजली कंपनी को इससे बड़ी राहत मिली है। अतिरिक्त राशि आने से कंपनी ने अगस्त महीने में पूरे 100 करोड़ रुपए का राजस्व हासिल किया है।
बिजली कंपनी के ऑफिस पहुंच रहे बकायादार : कंपनी ने आला अधिकारियों के निर्देश पर किया गया प्रयास रंग लाया है। यही वजह है कि अब जिन लोगों पर बिजली कंपनी का बकाया है और शस्त्र लाइसेंस रखे हुए हैं, वह बिजली कंपनी के ऑफिस पहुंच रहे हैं।





















