Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

न ट्रेन चलेगी न सड़कों पर गाड़ी... किसान आंदोलन के समर्थन में आज पंजाब बंद, किसानों ने अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे किया जाम

Follow on Google News
न ट्रेन चलेगी न सड़कों पर गाड़ी... किसान आंदोलन के समर्थन में आज पंजाब बंद, किसानों ने अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे किया जाम
चंडीगढ़। पंजाब के किसानों ने 30 दिसंबर को 'पंजाब बंद' का ऐलान किया है। फसलों की MSP गारंटी कानून समेत 13 मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में यह बंद किया गया है। यह बंद किसानों के 2 संगठनों ने बुलाया है। इस दौरान शाम 4 बजे तक सड़कें, रेल और दुकानें सभी बंद रहेंगे। हालांकि इस बंद से इमरजेंसी सेवाओं में कोई रुकावट नहीं आएगी। किसानों ने सुबह 7 बजे हाईवे बंद कर दिए। अमृतसर-दिल्ली और जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर किसान बैठ गए हैं। बंद को धार्मिक व सामाजिक संगठनों, कर्मचारियों, व्यापारियों और जत्थेबंदियों ने समर्थन दिया है।

पंजाब में किसानों का धरना

शाम 4 बजे तक रहेगा बंद : पंजाब में संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा द्वारा बुलाए गए बंद को लेकर प्रदेश भर में व्यापक प्रदर्शन हो रहे हैं। यह बंद सुबह सात बजे से लेकर चार बजे तक चलेगा। इस दौरान मेडिकल सेवाओं जैसी आवश्यक सेवाओं को जारी रखा जाएगा। इस बंद का उद्देश्य फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गारंटी कानून समेत कुल 13 प्रमुख मांगों को लेकर किसानों के आंदोलन को समर्थन देना है। मोहाली में 600 पुलिसकर्मी तैनात : बंद के तहत पंजाब में 200 से अधिक स्थानों पर सड़कों को जाम किया गया है। किसान जालंधर-दिल्ली राष्ट्रीय हाईवे और अमृतसर-दिल्ली हवाई मार्गों पर भी धरने पर बैठे हुए हैं। इसके अलावा मोहाली में एयरपोर्ट रोड को भी ब्लॉक कर दिया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोहाली में करीब 600 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। बंद को कई संगठनों का समर्थन : इस बंद का समर्थन एसजीपीसी (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) और कई धार्मिक तथा सामाजिक संगठनों ने भी किया है। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी और किसी शादी समारोह में जाने वाले व्यक्तियों और परिवारों को रोका नहीं जाएगा। यूनिवर्सिटी के एग्जाम पोस्टपोन : पंजाब में सर्दी की छुट्टियों के कारण पहले ही स्कूल बंद हैं, जबकि पंजाब यूनिवर्सिटी ने बंद के कारण अपनी परीक्षाओं को सोमवार की जगह मंगलवार को आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, बस सेवाओं से जुड़े संगठनों ने बताया है कि सोमवार शाम चार बजे के बाद बस सेवाएं फिर से बहाल कर दी जाएंगी।

पंजाब में क्या बंद, क्या खुला

ये सेवाएं बंद

  • रेल-बस सेवा
  • दुकानें
  • सब्जी मंडियां
  • पेट्रोल पंप व गैस पंप

इन पर असर नहीं

  • इमरजेंसी सेवाएं
  • अस्पताल में मेडिकल स्टोर
  • बारात व एयरपोर्ट वाले लोग
  • इंटरव्यू या एग्जाम जाने वाले लोग

क्या चाहते हैं किसान

हरियाणा और पंजाब पुलिस ने मीडिया को दूर से कवरेज करने की सलाह दी है। किसान MSP, कर्ज माफी और पेंशन जैसी 13 मांगों को लेकर 13 फरवरी से प्रदर्शन कर रहे हैं। हरियाणा सरकार ने उनके मार्च को अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इस प्रदर्शन को देखते हुए, हरियाणा के गृह सचिव सुमिता मिश्रा ने पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के पास अंबाला के 11 गांवों में इंटरनेट सेवा बंद करने का आदेश दिया था।

ये हैं किसानों की 13 मांगें

  1. भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 को दोबारा लागू किया जाए।
  2. लखीमपुर खीरी कांड के दोषियों को सजा दी जाए।
  3. मुक्त व्यापार समझौतों पर रोक लगाई जाए।
  4. किसान आंदोलन में मृत किसानों के परिवारों को मुआवजा, सरकारी नौकरी मिले।
  5. मिर्च, हल्दी एवं अन्य मसालों के लिए राष्ट्रीय आयोग का गठन किया जाए।
  6. सभी फसलों की MSP पर खरीद की गारंटी का कानून बने।
  7. संविधान की 5 सूची को लागू कर आदिवासियों की जमीन की लूट बंद की जाए।
  8. डॉ. स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के हिसाब से कीमत तय हो।
  9. डीएपी खाद की कमी को दूर किया जाए।
  10. किसान-खेत मजदूरों का कर्जा माफ हो, पेंशन दी जाए।
  11. विद्युत संशोधन विधेयक 2020 को रद्द किया जाए।
  12. नकली बीज, कीटनाशक दवाइयां व खाद वाली कंपनियों पर कड़ा कानून बनाया जाए।
  13. मनरेगा में हर साल 200 दिन का काम, 700 रुपए दिहाड़ी दी जाए।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts