Farmer Protest : चंडीगढ़ में चौथे दौर की बातचीत आज, हरियाणा में 19 फरवरी तक इंटरनेट बंद; किसान बोले- MSP पर अध्यादेश लाए केंद्र

नई दिल्ली। किसान आंदोलन का आज छठा दिन है। दिल्ली कूच के लिए निकले किसान पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। इस आंदोलन में अब तक एक किसान और एक सब इंस्पेक्टर की मौत हो चुकी है। आंदोलन को रोकने के लिए केंद्र और किसानों के बीच शाम को चंडीगढ़ में मीटिंग होने वाली है। यह सरकार और किसानों के बातचीत की चौथी बैठक होगी। इससे पहले 3 मीटिंग बेनतीजा रही थी। इसी के साथ हरियाणा के 7 जिलों में इंटरनेट बंद की डेट बढ़ा दी गई है।
आज सरकार और किसानों की चौथी वार्ता
केंद्र सरकार और किसान नेताओं के बीच आज चौथे दौर की वार्ता पर सबकी नजर है। सरकार की तरफ से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय शामिल होंगे। वहीं, किसानों की तरफ से उनके संगठन के नेता शामिल होंगे। लेकिन आंदोलन को सपोर्ट करने वाले किसान संगठन BKU उगराहां को केंद्र से बातचीत में शामिल होने का न्योता नहीं मिला है। इसी के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी वार्ता का हिस्सा बनेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बैठक में कोई समाधान निकल सकता है।
MSP पर अध्यादेश लाए केंद्र – किसान
वार्ता से एक दिन पहले किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवण पंधेर ने एमएसपी की कानूनी गारंटी पर अध्यादेश लाने की मांग कर सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। ऐसा इसलिए क्योंकि किसानों ने एमएसपी के साथ ही कर्जमाफी और बिजली अधिनियम रद्द करने की मांग की है।हरियाणा के इन जिलों में 19 फरवरी तक इंटरनेट बंद
हरियाणा में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी ग्रुप) ने दोपहर में कुरुक्षेत्र में किसान-खाप पंचायत बुलाई है। यहां से हरियाणा में आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया जाएगा। इसी के साथ हरियाणा के 7 जिलों में 19 फरवरी की रात 12 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। इन जिलों में अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा शामिल हैं।
पंजाब में टोल फ्री, दो दिन चलेगा धरना
पंजाब में आज सारे टोल फ्री रहेंगे। यहां भारतीय किसान यूनियन उगराहां से जुड़े किसान धरने पर बैठे हुए हैं। इससे पहले शंभू बॉर्डर पर डटे किसानों के समर्थन में BKU (चढ़ूनी गुट) ने 16 फरवरी को दोपहर 12 से 3 बजे तक टोल फ्री किया था। वे पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़, पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह और केवल ढिल्लों के घर भी प्रदर्शन कर रहे हैं। धरना दो दिन तक चलेगा। प्रदर्शन के बाद पटियाला में कैप्टन के आवास मोती महल के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है।












