फेसबुक की दोस्ती शादी तक पहुंची, एक हफ्ते बाद पत्नी अंबिकापुर गई और नहीं लौटी; 20 हजार रुपए ले जाने का आरोप

सोहागपुर। आरोप है कि महिला अपने साथ सोने-चांदी के आभूषण और करीब 20 हजार रुपए नकद भी ले गई और इसके बाद वापस नहीं लौटी। युवक ने फेसबुक, स्नैपचैट, इंस्टाग्राम और फोन के जरिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में बातचीत भी बंद हो गई। युवक ने सोहागपुर थाने में आवेदन दिया है।
फेसबुक पर दोस्ती के बाद आर्य समाज में की शादी
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद दोनों के बीच लगातार चैटिंग और बातचीत हुई। इसके बाद दोनों ने आर्य समाज में विवाह कर लिया। शादी के बाद परिजनों की ओर से महिला को सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान दिया गया था। करीब एक सप्ताह सोहागपुर में रहने के बाद महिला अंबिकापुर, सरगुजा जाने की बात कहकर चली गई। आरोप है कि इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
ये भी पढ़ें: चौकीदार की हत्या करने वाला प्रेमी जोड़ा गिरफ्तार: तेज गाड़ी क्यों चला रहे हो, कहने पर हुआ था बवाल
ज्वैलरी और नकदी ले जाने का आरोप
महिला के वापस नहीं लौटने पर युवक ने फेसबुक, स्नैपचैट, इंस्टाग्राम सहित सोशल मीडिया के अन्य माध्यमों और फोन के जरिए उससे संपर्क करने का प्रयास किया। आरोप है कि महिला लगातार बहाने बनाकर वापस आने से इनकार करती रही। बाद में बातचीत भी बंद कर दी और कथित तौर पर यह कह दिया कि वह उसके साथ नहीं रहना चाहती और उसे परेशान न किया जाए। युवक का आरोप है कि महिला अपने साथ सोने-चांदी के आभूषण और करीब 20 हजार रुपए नकद भी ले गई।
शिकायत आवेदन पुलिस ने जांच में लिया
मामले को लेकर टीआई गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि युवक की ओर से सोहागपुर थाने में आवेदन दिया गया है। आवेदन में भविष्य में किसी प्रकार की धोखाधड़ी और अन्य खतरे की आशंका जताई गई है। पुलिस ने आवेदन को जांच में लिया है। मामले में तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: सीहोर: सागौन लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़, पिकअप जब्त; आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की दी सलाह
इस घटना के बाद पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अनजान लोगों से दोस्ती और व्यक्तिगत संबंध बनाने में सावधानी बरतने की अपील की है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, स्नैपचैट सहित अन्य प्लेटफार्म पर लुभावने संदेशों, विज्ञापनों या अनजान महिला-पुरुषों से होने वाली दोस्ती के बाद आर्थिक लेन-देन और निजी जानकारी शेयर करने से बचना चाहिए। किसी भी व्यक्ति पर पूरी तरह भरोसा करने से पहले उसके बारे में आवश्यक सत्यापन करना जरूरी है। पुलिस ने सलाह दी है कि सोशल मीडिया पर सतर्क रहें, अनजान लोगों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।




















