Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर: सागौन लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़, पिकअप जब्त; आरोपी गिरफ्तार

सीहोर में जंगल की बेशकीमती सागौन लकड़ी को अवैध तरीके से ले जाने की कोशिश कर रहे तस्कर को वन विभाग की टीम ने आखिरकार दबोच लिया। बायां वन नाके पर चेकिंग के दौरान रुकने के बजाय आरोपी ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन वन अमले की मुस्तैदी के आगे उसकी एक नहीं चली। टीम ने पीछा करते हुए आंवली घाट पुल के पास घेराबंदी कर वाहन रोक लिया।
सीहोर: सागौन लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़, पिकअप जब्त; आरोपी गिरफ्तार
सागौन तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा

सीहोर। वन विभाग को क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद रेहटी वन परिक्षेत्र के अमले ने बायां नाके पर निगरानी और चेकिंग बढ़ा दी थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन क्रमांक MP05LA1593 नाके पर पहुंचा। वन कर्मियों को वाहन पर संदेह हुआ और उसे रोकने का इशारा किया गया।

इशारा मिलते ही चालक ने बढ़ाई रफ्तार

वन अमले के रुकने के संकेत को नजरअंदाज करते हुए चालक ने वाहन की रफ्तार अचानक बढ़ा दी। वह नाका पार कर भागने लगा। स्थिति को भांपते हुए वन कर्मियों ने भी बिना देर किए वाहन का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद टीम ने आंवली घाट पुल के आसपास घेराबंदी कर दी।

ये भी पढ़ें: पुलिस कंट्रोल रूम में रक्षाबंधन पर खास आयोजन, महापौर मालती राय सहित महिला पार्षदों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

आंवली घाट पर घेराबंदी, वाहन सहित आरोपी पकड़ा

वन अमले की रणनीति काम आई और भाग रहे वाहन को आंवली घाट पुल के पास रोक लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर सागौन की इमारती लकड़ी मिली। जांच में लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद वन विभाग ने लकड़ी और वाहन को जब्त कर लिया।

Breaking News

10 नग सागौन, 1 लाख 20 हजार की आंकी जा रही कीमत 

वन विभाग के अनुसार वाहन से 10 नग अवैध सागौन इमारती लकड़ी बरामद हुई है। इसका कुल आयतन 0.423 घन मीटर बताया गया है। जब्त सागौन और वाहन की अनुमानित कुल कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी जा रही है। जंगल से निकलने वाली बेशकीमती सागौन को अवैध तरीके से बाजार तक पहुंचाने की कोशिश को इस कार्रवाई से बड़ा झटका लगा है।

पूछताछ में सामने आया आरोपी का नाम

वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम भूपेंद्र कुमार बरेले, पिता स्वर्गीय रामगोपाल, निवासी रसुलियां, इटारसी रोड, नर्मदापुरम बताया। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें: दीवार से झड़ रही है मिट्टी? कहीं घर में छिपी दीमक तो नहीं, इन संकेतों से करें पहचान

वनकर्मियों की सतर्कता से पकड़ा गया तस्कर

पूरी कार्रवाई में बीट गार्ड नवीन कुमार सिंह (बायां) के साथ सुरक्षा श्रमिक मंगल सिंह, महेश किर, शेरनी सिंह और भगवान सिंह की सक्रिय भूमिका रही। नाके पर संदिग्ध वाहन को पहचानने से लेकर उसका पीछा करने और आंवली घाट पर घेराबंदी तक वन अमले ने तेजी से कार्रवाई की। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत्रि...Read More

Latest Posts