Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘मैं इनोसेंट हूं’, पहले रिया पर शक, फिर एलिमिनेशन, The Traitors में बड़ा ट्विस्ट

The Traitors 2 में रिया चक्रवर्ती को इनोसेंट्स ने शक के चलते ट्रेटर समझकर वोट आउट कर दिया। एलिमिनेशन के बाद रिया ने खुद को इनोसेंट बताया, जिसके बाद खिलाड़ियों को अपनी गलती का एहसास हुआ। रिया के बाहर होते ही ट्रेटर्स मजबूत स्थिति में पहुंच गए हैं और अब गेम का पूरा समीकरण बदल गया है।
‘मैं इनोसेंट हूं’, पहले रिया पर शक, फिर एलिमिनेशन, The Traitors में बड़ा ट्विस्ट
The Traitors 2 में रिया चक्रवर्ती को इनोसेंट्स ने शक के चलते ट्रेटर समझकर वोट आउट कर दिया।

जिस खिलाड़ी पर सबसे ज्यादा भरोसा होना चाहिए था, उसी पर शक करके इनोसेंट्स ने अपने ही गेम को कमजोर कर दिया। अमेजन प्राइम वीडियो के चर्चित रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ में इस बार ऐसा एलिमिनेशन हुआ, जिसने महल में मौजूद हर खिलाड़ी को हैरान कर दिया। शक, गलतफहमी और रणनीति के बीच इनोसेंट्स ने बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को ही ट्रेटर समझ लिया और राउंड टेबल यानी ‘सर्कल ऑफ शॉक’ में उन्हें वोट आउट कर दिया। लेकिन असली झटका तब लगा, जब रिया ने जाने से पहले अपना सच बताया। उनके मुंह से ‘इनोसेंट’ सुनते ही पूरे कमरे का माहौल बदल गया। जिन खिलाड़ियों ने कुछ देर पहले रिया के खिलाफ वोट किया था, उनके चेहरों पर पछतावा साफ नजर आने लगा।

रिया पर क्यों हुआ शक?

शो की शुरुआत से ही रिया ने अपनी स्थिति काफी साफ रखी थी। उन्होंने कई बार कहा कि वह ट्रेटर नहीं बनना चाहती थीं और एक इनोसेंट के तौर पर यह गेम खेलना चाहती थीं। इसके बावजूद जैसे-जैसे गेम आगे बढ़ा, खिलाड़ियों के बीच शक और अविश्वास बढ़ता गया। हर छोटी बात को रणनीति से जोड़कर देखा जाने लगा। इसी माहौल में रिया भी शक के घेरे में आ गईं। राउंड टेबल पर जब उनके खिलाफ सवाल उठे, तो रिया ने खुद को निर्दोष बताते हुए अपनी बात रखने की कोशिश की। उन्होंने साथियों को समझाने की पूरी कोशिश की कि वह ट्रेटर्स की टीम का हिस्सा नहीं हैं। लेकिन इस बार उनकी सफाई काम नहीं आई।

बहुमत ने किया रिया को गेम से बाहर

राउंड टेबल यानी ‘सर्कल ऑफ शॉक’ में वोटिंग हुई और बहुमत रिया के खिलाफ चला गया। इसके साथ ही उनका शो से बाहर होना तय हो गया। रिया ने इस फैसले को लेकर किसी से नाराजगी नहीं दिखाई। भारी मन से उन्होंने बाकी कंटेस्टेंट्स को अलविदा कहा और कहा कि शो के दौरान उन्हें सभी के साथ बहुत अच्छा समय बिताने का मौका मिला। उन्होंने साथी खिलाड़ियों को अपना परिवार जैसा बताया और कहा कि शक के इस खेल में अगर किसी पर उंगली उठी या किसी को उनकी बात से दुख पहुंचा हो, तो वह इसके लिए दिल से माफी मांगती हैं। रिया ने यह भी उम्मीद जताई कि गेम खत्म होने के बाद सभी खिलाड़ी अच्छे दोस्त बनकर बाहर निकलेंगे।

ये भी पढ़ें: 13 करोड़ की साइबर ठगी का ग्वालियर से कनेक्शन, 110 सिम यूजर्स की जांच शुरू; फर्जी दस्तावेजों से सिम बेचने वालों पर शिकंजा

रिया का आखिरी जवाब सुनकर सब रह गए दंग

एलिमिनेशन के बाद रिया से आखिरी बार पूछा गया कि वह इनोसेंट थीं या ट्रेटर। इसके जवाब में रिया ने मजेदार लेकिन भावुक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने शायरी वाले अंदाज में कहा कि वह इनोसेंट हैं, हमेशा से इनोसेंट थीं और हमेशा इनोसेंट ही रहेंगी। बस रिया के इतना कहते ही कमरे में सन्नाटा छा गया। उनका जवाब सुनकर बाकी खिलाड़ियों को समझ आ गया कि उन्होंने गेम में बहुत बड़ी गलती कर दी है।

सच सामने आते ही चेहरे पर दिखा पछतावा

रिया के खुद को इनोसेंट बताने के बाद कई खिलाड़ियों के चेहरे उतर गए। कुछ कंटेस्टेंट्स भावुक नजर आए तो कुछ को अपनी गलती का एहसास होने लगा। दरअसल, इनोसेंट्स का सबसे बड़ा मकसद ट्रेटर्स को पहचानकर उन्हें गेम से बाहर करना है। लेकिन रिया के मामले में उन्हें लगा कि उन्होंने ट्रेटर पकड़ लिया है। असल में उनका फैसला ट्रेटर्स के लिए ही फायदेमंद साबित हुआ। यानी ट्रेटर्स को अपने एक विरोधी को बाहर करने के लिए खुद कुछ करने की जरूरत ही नहीं पड़ी। इनोसेंट्स ने आपसी शक में खुद ही अपने एक मजबूत खिलाड़ी को गेम से बाहर कर दिया।

रिया के बाहर होते ही ट्रेटर्स मजबूत

रिया का एलिमिनेशन ट्रेटर्स के लिए किसी बड़ी जीत से कम नहीं रहा। इनोसेंट्स के बीच बढ़ता शक अब उनके लिए सबसे बड़ा हथियार बनता जा रहा है। क्रिस्टल डिसूजा और दूसरे ट्रेटर्स के लिए यह स्थिति काफी फायदेमंद है। एक तरफ इनोसेंट्स आपस में एक-दूसरे पर शक कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ट्रेटर्स इस पूरे माहौल का फायदा उठाकर अपना गेम आगे बढ़ा रहे हैं। रिया जैसी खिलाड़ी के बाहर होने से इनोसेंट्स की टीम को बड़ा झटका लगा है। अब उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वे अपने बीच के असली ट्रेटर्स को पहचानें और अगली राउंड टेबल पर दोबारा ऐसी गलती न करें।

ये भी पढ़ें: चार साल बाद रक्षाबंधन पर बना दुर्लभ संयोग, न भद्रा का साया न ग्रहण का असर; दिनभर राखी बांधने का शुभ मुहूर्त

अब किसकी होगी बारी?

रिया चक्रवर्ती के चौंकाने वाले एलिमिनेशन के बाद ‘द ट्रेटर्स’ का गेम और भी दिलचस्प हो गया है। अब हर खिलाड़ी दूसरे की बात, व्यवहार और फैसले को शक की नजर से देखेगा। सवाल यह है कि क्या रिया की गलती से इनोसेंट्स कोई सबक लेंगे? या फिर ट्रेटर्स एक बार फिर उन्हें आपस में लड़ाकर अपने रास्ते से मजबूत खिलाड़ियों को हटाते रहेंगे? फिलहाल इतना तय है कि रिया का एलिमिनेशन सिर्फ एक खिलाड़ी का एग्जिट नहीं, बल्कि गेम के पूरे समीकरण को बदलने वाला मोड़ बन गया है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts