रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' के सेट पर लगी आग, मचा हड़कंप; FWICE ने बताया- किसी को नुकसान नहीं

रणबीर कपूर की मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' रिलीज से पहले ही एक हादसे को लेकर चर्चा में आ गई है। फिल्म के सेट पर आग लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी घटना की पुष्टि की है।
सेट के बाहर टेंट में लगी थी आग
FWICE के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने इंडिया टुडे/आजतक से बातचीत में बताया कि रामायण के सेट पर आग लगने की घटना हुई थी। उनके मुताबिक, स्टूडियो के बाहर लगे एक टेंट में आग लगी थी। आग को समय रहते काबू कर लिया गया, जिससे यह ज्यादा नहीं फैल सकी। समय पर आग बुझा दिए जाने के कारण सेट पर मौजूद किसी व्यक्ति को खतरा नहीं हुआ।
'लापरवाही की वजह से लगी आग'
बीएन तिवारी ने बताया कि कुछ दिन पहले भी सेट के आसपास एक दूसरी जगह आग लगने की घटना हुई थी। इसके बाद उन्होंने प्रोड्यूसर्स से सेट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद लापरवाही के कारण रामायण के सेट पर आग लग गई। हालांकि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई और नुकसान भी ज्यादा नहीं हुआ। उन्होंने इसे फिल्म की टीम और दूसरे प्रोडक्शन हाउस के लिए एक चेतावनी बताया। उनके मुताबिक, सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
हादसे के वक्त रणबीर कपूर सेट पर थे या नहीं?
आग लगने के समय फिल्म के डायरेक्टर या अभिनेता रणबीर कपूर सेट पर मौजूद थे या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। फिल्म के दूसरे पार्ट की शूटिंग इस समय जारी है। कुछ दिन पहले अमेरिकन यूट्यूबर MrBeast भी फिल्म के सेट पर पहुंचे थे। उन्होंने फिल्म के प्रमोशन से जुड़े एक इवेंट में हिस्सा लिया था, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी।
नवंबर में रिलीज होगी 'रामायण'
रणबीर कपूर की 'रामायण' को लेकर लंबे समय से दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म को बड़े बजट में बनाया जा रहा है और इसे दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। भारत में फिल्म के पहले पार्ट की रिलीज डेट 8 नवंबर बताई गई है। वहीं दुनियाभर में इसे अलग-अलग तारीखों पर 5 और 6 नवंबर को रिलीज करने की योजना है। फिल्म का बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।




















