मऊगंज प्रवास पर पहुंच हेमंत खंडेलवाल, बोले- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका समाज के लिए रीढ़ की हड्डी

मऊगंज। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल सोमवार को अपने पहले मऊगंज प्रवास पर पहुंचे। रीवा से मऊगंज आगमन के दौरान देवतालाब में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के नेतृत्व में हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इसके उपरांत शगुन पैलेस में कार्यकर्ताओं द्वारा कलश यात्रा के साथ और बराब मोड़ पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा सहित पदाधिकारियों द्वारा उनका अभिनंदन किया गया। दौरे के मुख्य पड़ाव में प्रदेश अध्यक्ष ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया।
वैदिक परंपरा के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार कन्या पूजन, मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि और वंदे मातरम गायन के साथ हुआ। संवाद सत्र को संबोधित करते हुए खंडेलवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को समाज के लिए रीढ़ की हड्डी बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के जन्म से लेकर उनके पोषण और स्वास्थ्य की प्राथमिक देखरेख में कार्यकर्ता एक मां की भांति समर्पण भाव से कार्य करती हैं।
ये भी पढ़ें: कटनी में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ जनहित याचिका, MP हाईकोर्ट में मंगलवार को सुनवाई
महिलाओं के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में बदलाव
खंडेलवाल ने लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन पहलों ने न केवल बेटियों और महिलाओं के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में युगांतरकारी बदलाव लाया है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर देश की विकास यात्रा में बराबरी का भागीदार भी बनाया है। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रश्मि पाल सहित कई कार्यकर्ताओं ने 2017 से अब तक जमीनी स्तर पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना व लाड़ली लक्ष्मी योजना के क्रियान्वयन के अपने अनुभव साझा किए, जिसकी प्रदेश अध्यक्ष ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, विधायक गिरीश गौतम, मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल, रीवा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, कटनी महापौर शशांक श्रीवास्तव, कलेक्टर संजय कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन सहित कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।




















