Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एक्टर प्रकाश राज की बढ़ीं मुश्किलें!गैर-जमानती वारंट जारी, वोटर आईडी विवाद में कोर्ट का सख्त रुख

बॉलीवुड और साउथ अभिनेता प्रकाश राज के खिलाफ बेंगलुरु की अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है। उन पर कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना समेत कई राज्यों में वोटर आईडी रखने का आरोप है। अदालत के समन पर पेश न होने के बाद कोर्ट ने यह सख्त कदम उठाया है।
गैर-जमानती वारंट जारी, वोटर आईडी विवाद में कोर्ट का सख्त रुख
एक्टर प्रकाश राज

बॉलीवुड और साउथ फिल्मों के मशहूर अभिनेता प्रकाश राज को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। बेंगलुरु की एक अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। यह मामला उन आरोपों से जुड़ा है, जिनमें कहा गया है कि उनके पास एक से अधिक राज्यों के मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) हैं।

2019 में दर्ज हुई थी शिकायत

यह शिकायत साल 2019 में वकील दिलीप कुमार द्वारा हलासूरू गेट पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रकाश राज के पास कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना समेत कई राज्यों के वोटर आईडी कार्ड हैं। यदि यह आरोप सही साबित होता है, तो इसे चुनावी नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है।

कार्रवाई नहीं होने पर पहुंचे अदालत

शिकायतकर्ता दिलीप कुमार का कहना है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु पुलिस आयुक्त और चुनाव आयोग से भी संपर्क किया, लेकिन वहां से भी कोई जवाब नहीं मिला। आखिरकार उन्होंने अदालत का रुख किया। चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, कोई भी भारतीय नागरिक केवल एक ही स्थान पर मतदाता के रूप में पंजीकृत हो सकता है। शिकायत में आरोप है कि प्रकाश राज ने कई मतदाता पहचान पत्र रखकर इन नियमों का उल्लंघन किया है।

Entertainment

समन के बावजूद अदालत में नहीं हुए पेश

मामले की सुनवाई कर रही 48वीं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) अदालत ने कथित तौर पर प्रकाश राज को दो बार समन भेजकर पेश होने का निर्देश दिया था। हालांकि, वह दोनों बार अदालत में उपस्थित नहीं हुए।

बार-बार समन जारी होने के बावजूद उनकी गैरहाजिरी को देखते हुए अदालत ने अब उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है। इस फैसले के बाद मामले में उनकी गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई है।

जल्द 'दृश्यम 3' में आएंगे नजर

वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रकाश राज जल्द ही फिल्म 'दृश्यम 3' में दिखाई दे सकते हैं। 'दृश्यम' और 'दृश्यम 2' बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थीं। ऐसे में दर्शकों को तीसरे पार्ट से भी काफी उम्मीदें हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts