PlayBreaking News

CBSE ऑन स्क्रीन मार्किंग : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बोले-गड़बड़ियों की जिम्मेदारी मेरी, हर छात्र की समस्या का समाधान होगा

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने CBSE की ऑन स्क्रीन मार्किंग में हुई गड़बड़ियों की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा है कि गड़बड़ियों की जिम्मेदारी लेते हुए भरोसा दिलाया है कि छात्रों की हर समस्या का समाधान होगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। IIT कानपुर और मद्रास के विशेषज्ञ जांच में मदद करेंगे।
Follow on Google News
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बोले-गड़बड़ियों की जिम्मेदारी मेरी, हर छात्र की समस्या का समाधान होगा

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) मूल्यांकन प्रक्रिया में सामने आई गड़बड़ियों की जिम्मेदारी लेते हुए छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई व्यक्ति जानबूझकर गड़बड़ी का दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने CBSE मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर 12वीं की कॉपियों के पुनर्मूल्यांकन, सत्यापन प्रक्रिया और छात्रों को आ रही तकनीकी व भुगतान संबंधी परेशानियों की समीक्षा की।

‘एक भी शिकायत अनसुनी नहीं रहेगी’

बैठक के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष लगभग 17 लाख छात्रों ने CBSE की परीक्षा दी थी और करीब 98 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। प्रत्येक कॉपी में औसतन 40 पन्ने होने के कारण लगभग 40 करोड़ स्कैन किए गए पन्नों को पहली बार OSM प्रक्रिया के तहत जांचा गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों की हर शिकायत का समाधान किया जाएगा और किसी भी समस्या को लंबित नहीं रखा जाएगा।

OSM प्रणाली को बताया पारदर्शी और छात्र हितैषी

शिक्षा मंत्री ने कहा कि ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य और छात्र हितैषी प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मूल्यांकन में पारदर्शिता बढ़ाना है। हालांकि इसे पहली बार लागू करने के कारण कुछ तकनीकी विसंगतियां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि नई प्रणाली में शुरुआती चुनौतियां सामान्य हैं, लेकिन सरकार और CBSE लगातार इन्हें दूर करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि मूल्यांकन प्रक्रिया को और बेहतर तथा सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: नहीं रहे उर्दू के मशहूर शायर बशीर बद्र : 91 की उम्र में निधन, लंबे समय से डिमेंशिया से थे पीड़ित

IIT विशेषज्ञ करेंगे तकनीकी जांच 

धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि तकनीकी और सॉफ्टवेयर संबंधी समस्याओं की जांच के लिए IIT कानपूर और IIT मद्रास के विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। ये विशेषज्ञ CBSE की तकनीकी टीम के साथ मिलकर पूरे सिस्टम की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा छात्रों को भुगतान में दिक्कत न हो, इसके लिए भारतीय स्टेट बैंक,  इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और कैनरा बैंक के पेमेंट गेटवे को CBSE पोर्टल से जोड़ा गया है।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्रों को हुई परेशानियों के लिए सरकार खेद व्यक्त करती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर इन गड़बड़ियों में शामिल पाया गया, तो चाहे वह CBSE के भीतर हो या बाहर, उसे बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों से इस मुद्दे का राजनीतिकरण न करने की अपील करते हुए कहा कि सबसे बड़ी प्राथमिकता छात्रों का मानसिक तनाव कम करना है।

ये भी पढ़ें: सीएम हाउस पहुंचे डीके शिवकुमार : कुछ देर में इस्तीफा देंगे सिद्धारमैया, गृह मंत्री भी पहुंचे सीएम हाउस

राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा CBSE परिणामों में बड़ी छेड़छाड़ के आरोप लगाए जाने पर धर्मेंद्र प्रधान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने खुद जिम्मेदारी ली है और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। प्रधान ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले भी राफेल, ईवीएम और डिजिटल इंडिया जैसे मुद्दों का विरोध कर चुके हैं और अब शिक्षा व्यवस्था पर राजनीति कर रहे हैं।

वायरल लिंक पर CBSE की सफाई

इस बीच CBSE  ने स्पष्ट किया कि OSM मूल्यांकन के लिए इस्तेमाल किया गया वास्तविक पोर्टल पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें कोई सेंध नहीं लगी है। बोर्ड के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यूआरएल केवल एक टेस्टिंग साइट थी, जिसमें सैंपल डेटा मौजूद था और उसका लाइव मूल्यांकन प्रणाली से कोई संबंध नहीं था।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts