Earthquake in Chile-Myanmar : भूकंप से हिली चिली और म्यांमार की धरती, रिक्टर स्केल पर 5.7 रही तीव्रता; जानें क्या हैं हालात

उत्तरी चिली में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.7 दर्ज की गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इससे किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है और न ही सुनामी का कोई खतरा जताया गया है। इसके अलावा म्यांमार में 3.9 तीव्रता का भूकंप आया है।
कहां था भूकंप का केंद्र और गहराई
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से 178 किलोमीटर (110.6 मील) गहराई में था। वहीं, अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र चिली के सैन पेड्रो डी अटाकामा से 104 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। यह इलाका चिली और बोलीविया की सीमा के पास स्थित है।घरों से बाहर निकले लोग
भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग डर के मारे अपने-अपने घरों से बाहर आ गए। स्थानीय समयानुसार, दोपहर 12:21 बजे आए इस भूकंप के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, किसी के घायल होने या इमारतों के गिरने की कोई सूचना नहीं है। चिली की राष्ट्रीय आपदा एजेंसी ने इस भूकंप को "मध्यम तीव्रता" का बताया है। उन्होंने कहा कि, किसी भी संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल किसी तरह की सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है।म्यांमार में भी महसूस हुए झटके
म्यांमार में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। वहां 3.9 और फिर 4.0 तीव्रता के दो झटके आए। भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से केवल 10 किलोमीटर की गहराई पर था, जिससे लोग और ज्यादा डरे हुए हैं। हालांकि, वहां भी किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।




















