Earthquake In Chile : चिली में भूकंप के झटके, 7.1 रही तीव्रता; अर्जेंटीना समेत इन देशों में भी कांपी धरती

एंटोफगास्टा। दक्षिण अमेरिकी देश चिली में भूकंप के झटके महसूस किए गए। चिली-अर्जेंटीना बॉर्डर वाले इलाके में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.1 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, शुक्रवार को सुबह 7 बजकर 20 मिनट (भारतीय समयानुसार) पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र तटीय शहर एंटोफागास्टा से 265 किलोमीटर पूर्व में 128 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 9:51 बजे आया।
अब तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। भूकंप के झटके बोलीविया, पैराग्वे और अर्जेंटीना तक महसूस किए गए। इससे पहले 29 जून को भूकंप आया था, तब इसकी तीव्रता 5.2 थी।
चिली में आते रहते हैं भूकंप
चिली दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप आने वाले देशों में से एक है। यह प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर पर स्थित है, यहां पृथ्वी के कई ज्वालामुखी विस्फोट और भूकंप आते हैं। 2010 में 8.8 तीव्रता के भूकंप और उसके बाद आई सुनामी में 500 से अधिक लोग मारे गए थे। साल 1960 में चिली में ही 9.5 तीव्रता का भूकंप आया था। साल 1985 में 7.8 तीव्रता ने भूकंप ने 177 लोगों की जान ले ली थी।- 1965 - ला लिगुआ में 7.4 तीव्रता, 400 मरे
- 1971 - वालपाराइसो क्षेत्र में 7.5 तीव्रता का भूकंप, 90 मरे
- 1985 - वालपाराईसो तट पर 7.8 तीव्रता का भूकंप, 177 मरे
- 1998 - उत्तरी चिली के तट के पास 7.1 तीव्रता का भूकंप
- 2002 - चिली-अर्जेंटीना सीमा क्षेत्र में 6.6 तीव्रता का भूकंप
- 2003 - मध्य चिली के तट के पास 6.8 तीव्रता का भूकंप
- 2004 - मध्य चिली के बायो-बायो के निकट 6.6 तीव्रता का भूकंप
- 2005 - 7.8 तीव्रता वाला टारापाका, उत्तरी चिली, 11 मरे
- 2007 - उत्तरी चिली के एंटोफगास्टा में 7.7 तीव्रता का भूकंप, 2 मरे
- 2007 - एंटोफगास्टा में 6.7 तीव्रता
- 2008 - टारापाका में 6.3 तीव्रता
- 2009 - टारापाका तट पर 6.5 तीव्रता का भूकंप




















