2025 के मध्य तक पूरे देश में मिलेगी ई-पासपोर्ट की सुविधा, जानिए इसके फायदे और जरूरी बातें

ई-पासपोर्ट को 2025 के मध्य तक पूरे देश में लागू किए जाने की उम्मीद है। इसे 1 अप्रैल 2024 को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लॉन्च किया गया था। सरकार पासपोर्ट धारकों के डेटा को सुरक्षित रखने और डुप्लीकेशन से बचने के लिए इसे लेकर आई है। ई-पासपोर्ट एक डिजिटल तकनीक से लैस पासपोर्ट होता है, जिसमें एक छोटा RFID चिप और एंटीना लगा होता है। इस चिप में पासपोर्ट होल्डर की पर्सनल और बायोमेट्रिक जानकारी होती है, जैसे – नाम, जन्मतिथि, फोटो, उंगलियों के निशान और आईरिस स्कैन।
कैसे पहचानें ई-पासपोर्ट को?
ई-पासपोर्ट की पहचान इसके कवर पेज पर बने गोल्डन रंग के छोटे से सिंबल से की जा सकती है।
ई-पासपोर्ट के क्या फायदे हैं?
- चिप में मौजूद डेटा को एन्क्रिप्ट किया गया होता है जिससे कोई छेड़छाड़ नहीं हो सकती।
- बायोमेट्रिक जानकारी के जरिए आपकी पहचान पक्की होती है।
- एयरपोर्ट पर तेजी से इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी होती है।
- कई देश ई-पासपोर्ट धारकों को जल्दी वीजा देने में प्राथमिकता देते हैं।
पासपोर्ट बनवाने के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स-
नाबालिग के लिए
- जन्म प्रमाण पत्र
- पेरेंट्स का वर्तमान एड्रेस प्रूफ
- पेरेंट्स के पासपोर्ट की कॉपी
- नाबालिग और पेरेंट्स का पासपोर्ट साइज फोटो
वयस्कों के लिए
- बैंक पासबुक की फोटो
- आधार या अन्य आईडी कार्ड
- जन्मतिथि प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज फोटो
- क्रिमिनल रिकॉर्ड न होने का एफिडेविट
- सोर्सः ईशान सिन्हा, साइबर एक्सपर्ट, नई दिल्ली
क्या मौजूदा पासपोर्ट धारकों को नया ई-पासपोर्ट बनवाना होगा?
नहीं, मौजूदा पासपोर्ट उसकी वैधता खत्म होने तक मान्य रहेगा। ई-पासपोर्ट सिर्फ नए अप्लिकेशन और रिन्युअल के समय मिलेगा।
किन शहरों में मिल रही है ई-पासपोर्ट की सुविधा?
अभी ये सुविधा नागपुर, भुवनेश्वर, जम्मू, गोवा, शिमला, रायपुर, अमृतसर, जयपुर, चेन्नई, हैदराबाद, सूरत और रांची में उपलब्ध है। तमिलनाडु में भी 3 मार्च 2025 से यह सुविधा शुरू हो चुकी है।
ई-पासपोर्ट के लिए आवेदन कैसे करें?
- आप portal2.passportindia.gov.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- या फिर अपने नजदीकी पासपोर्ट सेवा केंद्र में जाकर आवेदन कर सकते हैं।
ई-पासपोर्ट का डेटा कहां सुरक्षित रहता है?
सरकार ने ई-पासपोर्ट का डेटा नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) द्वारा संचालित सिक्योर डेटाबेस में स्टोर किया है, जो पूरी तरह से एन्क्रिप्टेड और सुरक्षित है।
दुनिया के कितने देशों में है ई-पासपोर्ट की सुविधा?
दिसंबर 2024 तक 174 देशों में ई-पासपोर्ट जारी करने की सुविधा थी। भारत इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।





















