Durag Bhilai News:कांग्रेस नेता उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या, सड़क पर उतरे ग्रामीण,दुर्ग में चक्काजाम से बवाल

दुर्ग भिलाई: दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में कांग्रेस नेता और ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की लूट के दौरान चाकू मारकर हत्या के बाद ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को जेवरा-दुर्ग मार्ग पर चक्काजाम कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई।
दुर्ग में हत्या के बाद सड़क पर उतरा गुस्सा
दुर्ग जिले के ग्राम तुमाकला के उपसरपंच एवं धमधा मंडल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जेवरा-दुर्ग मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने एम्बुलेंस से शव उतारकर विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

Raipur News: भाजपा का 'सहयोग केंद्र' आज से शुरू, 5 दिन तक मंत्री सुनेंगे जनता की सीधी शिकायतें
लूट का विरोध पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय प्रकाश सिंह कश्यप रविवार देर रात अपने दो साथियों के साथ भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल से गांव लौट रहे थे। करहीडीह और चिखली चौक के बीच चार बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोपियों ने मोबाइल और नकदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रकाश सिंह पर चाकू से कई वार कर दिए।
इलाज के दौरान हुई मौत
हमले के बाद आरोपी मोबाइल और करीब चार हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। साथ में मौजूद एक युवक किसी तरह जान बचाकर मौके से भागा और पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गांव में शोक, परिवार की बड़ी जिम्मेदारी
प्रकाश सिंह कश्यप गांव के पूर्व सरपंच रह चुके थे और वर्तमान में उपसरपंच के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
कांग्रेस ने पुलिस पर उठाए सवाल
कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि पुलिस चौकी से महज डेढ़ किलोमीटर दूर इस तरह की वारदात कानून-व्यवस्था की पोल खोलती है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने बनाई कई टीमें
एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।












