इंदौर में प्रेमजाल, होटल और धोखे की कहानी! तीन साल तक शोषण के बाद दूसरी जगह कर ली सगाई
इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का तीन साल तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने युवती से पहले नजदीकियां बढ़ाईं और फिर शादी का भरोसा देकर अलग-अलग होटलों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। तीन साल बाद जब युवक ने दूसरी जगह सगाई कर ली और युवती ने इसका विरोध किया, तो वह उल्टा उसे और उसके परिवार को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने लगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: फर्स्ट AC में महिला के 2.50 लाख के गहने और 25 हजार कैश चोरी, 4 बार चेन खींचने पर भी नहीं मिली मदद, रेलवे पर लगाए आरोप
पुलिस के मुताबिक, निजी कंपनी में काम करने वाली 22 वर्षीय युवती ने विजय नगर निवासी दीपक पिता महाराम अहिरवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। युवती की आरोपी से करीब छह साल पहले पहचान हुई थी। आरोपी उसकी सहकर्मी सहेली का रिश्तेदार है। इसी पहचान का फायदा उठाकर उसने युवती से नजदीकियां बढ़ाईं।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में दीपक ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद उसे भवानी नगर स्थित अपनी सहेली के घर बुलाया और पहली बार उसके साथ संबंध बनाए। आरोपी ने जल्द शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उसे अलग-अलग होटलों में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 को भी आरोपी उसके घर आया था।
दूसरी जगह सगाई की तो खुला धोखे का मामला
पीड़िता के अनुसार, 20 अक्टूबर को दीपक ने फोन कर बताया कि उसके घरवाले शादी के लिए तैयार नहीं हैं। कुछ दिन बाद उसने साफ कह दिया कि अब दोनों के बीच कुछ नहीं हो सकता, क्योंकि परिवार ने उसकी सगाई दूसरी जगह तय कर दी है। यह सुनकर युवती ने उससे धोखा देने को लेकर सवाल किए और शादी का वादा याद दिलाया।
ये भी पढ़ें: तुषार कपूर से मांगे 5 करोड़ रुपए, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मिली धमकी; क्राइम ब्रांच कर रही जांच
सुसाइड नोट लिखकर फंसाने की धमकी
आरोप है कि युवती के विरोध करने पर दीपक ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। उसने कहा कि यदि उस पर शादी के लिए दबाव बनाया गया तो वह खुदकुशी कर लेगा और अपने सुसाइड नोट में युवती व उसके परिवार के सदस्यों के नाम लिखकर उन्हें फंसा देगा। इस धमकी से परेशान युवती ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर बाणगंगा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।




















