होटल में चाय पी रहे BJP नेता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, गले पर वार से मचा हड़कंप

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार सुबह चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 37 जोरातराई में एक भाजपा नेता पर युवक ने धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में BJP नेता राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
गले पर किया चाकू से वार
जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र सिंह यादव शनिवार सुबह जोरातराई स्थित एक स्थानीय होटल में बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने उनके गले पर वार किया, जिससे राजेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
ये भी पढ़ें: CGPSC पर ED-EOW का डबल एक्शन, एडिशनल कलेक्टर गिरफ्तार, 2003 भर्ती घोटाले में 15 अफसरों पर चार्जशीट की तैयारी
वारदात के बाद आरोपी फरार
हमले के बाद होटल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल भाजपा नेता को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सेक्टर-9 अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
चार साल पहले आरोपी से थी दोस्ती
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राजेंद्र यादव की आरोपी युवक से करीब चार साल पहले दोस्ती थी। हालांकि पिछले काफी समय से दोनों के बीच बातचीत नहीं थी। ऐसे में अचानक हुए इस हमले के पीछे की वजह को लेकर पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: बालाजी मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में MBBS छात्र की संदिग्ध मौत,दोस्त के कमरे में मिली लाश
क्या चुनावी विवाद से जुड़ा है हमला?
घटना को स्थानीय स्तर पर रिसाली नगर निगम चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हमले के पीछे चुनावी विवाद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हमले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, उतई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद यह हमला हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और घटना से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें: 2 लाख गरीब परिवारों का सपना हुआ साकार, जेठा में PM आवास का महाआयोजन,शिवराज-साय ने सौंपी घर की चाबी
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस वारदात के कारण, हमले की पूरी परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।




















