देवास में प्याज से भरा मिनी ट्रक पलटा :बोरियों के नीचे दबने से 3 मजदूरों की मौत, 2 घायल

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीपलरावा थाना क्षेत्र के चौबाराधारा-बैराखेड़ी फाटे के पास प्याज से भरा एक मिनी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के वक्त ट्रक में सवार मजदूर प्याज की बोरियों के ऊपर और पीछे बैठे हुए थे। ट्रक पलटते ही मजदूर भारी बोरियों के नीचे दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज सोनकच्छ के अस्पताल में जारी है।
मोड़ पर बिगड़ा संतुलन, पलट गया ट्रक
जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब 12:30 बजे हुआ। मिनी ट्रक गंधर्वपुरी क्षेत्र से प्याज भरकर चौबाराधारा की ओर जा रहा था। रास्ते में बैराखेड़ी गांव के पास यू-टर्न और मोड़ पर वाहन अचानक असंतुलित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। आशंका जताई जा रही है कि, तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ होगा। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बोरियों के नीचे दब गए मजदूर
हादसे के दौरान कई मजदूर ट्रक में प्याज की बोरियों के साथ बैठे और सो रहे थे। ट्रक पलटते ही भारी बोरियां मजदूरों के ऊपर गिर गईं। स्थानीय लोगों ने जब हादसे की आवाज सुनी तो तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पीपलरावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रातभर चला रेस्क्यू अभियान
हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घायलों और अन्य मजदूरों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं तीन मजदूरों को डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की हुई पहचान
सिविल हॉस्पिटल सोनकच्छ के डॉक्टर रामराज परमार के मुताबिक हादसे में मरने वालों की पहचान ओमप्रकाश मालवीय, आकाश बगानिया और विजय मालवीय के रूप में हुई है। तीनों मृतक ग्राम बालोन के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं हादसे में घायल हुए दो लोगों में चालक और क्लीनर शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल में रखवाया है। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन हादसे का शिकार होते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











