Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

संजीवनी-महिला सम्मान जैसी कोई योजना नहीं... दिल्ली सरकार के विभागों का अखबारों में नोटिस, कहा- वादों पर भरोसा न करें; केजरीवाल बोले- ये बौखला गए हैं

Follow on Google News
संजीवनी-महिला सम्मान जैसी कोई योजना नहीं... दिल्ली सरकार के विभागों का अखबारों में नोटिस, कहा- वादों पर भरोसा न करें; केजरीवाल बोले- ये बौखला गए हैं
नई दिल्ली। दिल्ली में फिलहाल कोई संजीवनी या महिला सम्मान स्कीम लागू नहीं है। इसको लेकर दिल्ली सरकार की तरफ से दो विभागों ने न्यूजपेपर में नोटिस जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि, लोग इन तरह की योजनाओं के बहकावे में न आएं। राज्य सरकार ने ऐसी कोई योजना शुरू नहीं की है। एक विज्ञापन महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से जारी किया गया है, जबकि दूसरा नोटिफिकेशन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने दिया है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली में इन दोनों योजनाओं को लेकर बड़े स्तर पर रिजस्ट्रेशन ड्राइव चला रहे हैं। ऐसे में दिल्ली चुनाव से पहले स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग का यह बयान AAP के लिए बड़ा झटका है।

केजरीवाल बोले- आतिशी होगी गिरफ्तार!

दोनों विभागों द्वारा नोटिस जारी करने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है। उन्होंने एक्स ( पूर्व में ट्विटर) पर कहा कि, 'महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना से ये लोग बुरी तरह से बौखला गए हैं। अगले कुछ दिनों में फर्जी केस बनाकर आतिशीजी को गिरफ्तार करने का इन्होंने प्लान बनाया है। उसके पहले 'AAP' के सीनियर नेताओं पर रेड की जाएंगी। आज 12 बजे इस पर प्रेस कांफ्रेंस करूंगा।' देखें पोस्ट... आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसी महीने महिला सम्मान योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपए हर महीने देने और संजीवनी योजना के तहत बुजुर्गों के मुफ्त इलाज का ऐलान किया था।

स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस में क्या कहा ?

दिल्ली स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि 'संजीवनी योजना' जैसी कोई आधिकारिक योजना नहीं है, जो 60 वर्ष से अधिक आयु के निवासियों को मुफ्त इलाज प्रदान करने का दावा करती हो। विभाग ने बताया कि कुछ अवैध व्यक्तियों ने एक पंजीकरण अभियान चलाया है, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों से आधार कार्ड और बैंक खाता जानकारी सहित अन्य व्यक्तिगत विवरण मांगे जा रहे हैं। इस जानकारी को लेकर नकली स्वास्थ्य योजना कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने जनता को इस अनाधिकारिक योजना के तहत मुफ्त इलाज के वादों पर विश्वास न करने और जानकारी साझा न करने की सलाह दी है।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने क्या कहा?

महिला और बाल विकास विभाग (WCD) ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी करते हुए दिल्ली की जनता को 'मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना' से संबंधित झूठे दावों के बारे में चेतावनी दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली सरकार ने ऐसी कोई योजना अधिसूचित नहीं की है, और योजना के तहत पैसे बांटे जाने का दावा पूरी तरह से बेबुनियाद है। विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे इस योजना का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक पार्टी से कोई जानकारी साझा न करें। ऐसा करने से साइबर अपराध या बैंकिंग धोखाधड़ी का शिकार होने का खतरा हो सकता है।

BJP ने एक दिन पहले किया था ये दावा

बीजेपी ने एक दिन पहले ही यह दावा किया कि 'संजीवनी योजना' और 'मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना' आधिकारिक रूप से दिल्ली सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त नहीं हैं। चुनावी माहौल में इन योजनाओं के बारे में जारी किए गए सार्वजनिक नोटिसों को आपसी आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक विवादों को बढ़ावा देने वाला माना जा रहा है। आप (AAP) ने पहले ही अपनी दोनों योजनाओं के लिए वॉलंटियरों के माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिल्ली चुनाव से पहले इन दोनों योजनाओं का ऐलान अरविंद केजरीवाल ने किया था, और पंजीकरण की शुरुआत खुद उन्होंने अपने नाम से पहला रजिस्ट्रेशन करके की थी। ये भी पढ़ें- अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती : PM मोदी ने ‘सदैव अटल’ पहुंचकर दी श्रद्धांजलि, कहा- उन्होंने कभी खरीद-फरोख्त की राजनीति नहीं की
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts