'बेटा, यह क्या हाल बना रखा है...' मां की याद में भावुक हुए CM योगी, संन्यास के बाद का सुनाया अनसुना किस्सा

उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां को याद करते हुए एक ऐसा पत्र लिखा है, जिसने मां और बेटे के रिश्ते की भावनाओं को फिर से सामने ला दिया है। योगी ने अपनी लिखी पाती में बताया कि मां के बिना जीवन कैसा अधूरा हो जाता है। उन्होंने उस दिन का किस्सा भी साझा किया, जब संन्यास लेने के करीब तीन साल बाद वह भगवा कपड़ों में अपने घर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मां से भिक्षा मांगी थी। बेटे को इस रूप में देखकर मां ने उनसे जो सवाल किया था, उसे योगी आज भी याद करते हैं।
मां को याद कर लिखी दिल की बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती की शुरुआत 'मां' शब्द से की। उन्होंने लिखा कि यह पाती हर मां के नाम है। मां के बिना न तो हमारा जीवन होता और न ही इस दुनिया का अस्तित्व होता। मां केवल बच्चे को जन्म देने वाली नहीं, बल्कि पूरे परिवार को जोड़कर रखने वाली होती है। योगी ने लिखा कि मां की जगह दुनिया में कोई नहीं ले सकता। मां हर किसी की जगह ले सकती है लेकिन उसकी जगह कोई दूसरा नहीं ले सकता। उनके अनुसार मां का प्यार दुनिया की सबसे सुंदर भावना है।
मां के बिना अधूरी लगती है जिंदगी
योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में मां के न होने का दर्द भी बताया। उन्होंने लिखा कि मां का साथ छूटने का मतलब सिर्फ एक इंसान का दूर हो जाना नहीं है। इसके साथ ही बिना किसी शर्त के मिलने वाला प्यार, सुरक्षा और घर का अपनापन भी चला जाता है। उन्होंने अपनी मां को अपनी पहली गुरु बताया। योगी ने लिखा कि उनकी मां ने उन्हें अक्षर ज्ञान दिया और जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छे संस्कार दिए। मां की याद आने पर आज भी उनकी आंखें भर आती हैं।
संन्यास के बाद मां से मांगी थी भिक्षा
इस पत्र का सबसे भावुक हिस्सा वह है, जिसमें योगी ने अपने संन्यास के दिनों का एक पुराना किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि संन्यास लेने के तीन साल से ज्यादा समय बाद वह भगवा कपड़े पहनकर अपने घर पहुंचे थे। वह गोरखपुर से पैदल चलकर अपने गांव पंचूर गए थे। संन्यास की परंपरा के अनुसार, उन्होंने अपने घर के बाहर खड़े होकर मां से भिक्षा मांगी। उनकी आवाज सुनकर मां बाहर आईं। भगवा कपड़ों में बेटे को देखकर मां कुछ देर के लिए हैरान रह गईं।
मां ने पूछा था- बेटा, यह क्या हाल बना रखा है?
योगी ने बताया कि मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही उन्होंने कहा, 'मां, भिक्षा दीजिए।' यह सुनकर मां ने उनसे पूछा, 'बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?' इस पर योगी ने मां को बताया कि संन्यास ही उनका धर्म है और वह घर में रहने नहीं बल्कि भिक्षा मांगने आए हैं। उन्होंने मां से कहा कि वह जो भी भिक्षा देंगी, उसी से उनका संकल्प पूरा होगा। योगी ने लिखा कि मां ने अपने बेटे के संन्यास के फैसले का सम्मान किया और उनकी बात समझी। आज मां को याद करते हुए उनके सामने वही पुराना पल फिर से आ गया।
लोगों से की जरूरतमंद मांओं की मदद करने की अपील
मुख्यमंत्री योगी ने अपनी पाती में यह भी लिखा कि मां का कर्ज कभी चुकाया नहीं जा सकता। हम उनके लिए अपना फर्ज जरूर निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हर मां का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। योगी ने प्रदेश के लोगों से अपील की कि वे किसी ऐसी मां का सहारा बनें, जिसे मदद की जरूरत है। किसी जरूरतमंद मां की परेशानी समझें और किसी दुखी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश करें। उनके मुताबिक, मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि कोई भी मां खुद को अकेला महसूस न करे।




















