Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

“हम तो जमाइयों को मार देते हैं…” दो महीने बाद सच हुई धमकी? इंजीनियर बेटे की मौत से टूटी मां

दो महीने पहले मिली थी ऐसी धमकी, जिसे विनय की मां ने गुस्से में कही बात समझकर भुला दिया था। 21 अगस्त को पत्नी मायके वालों के साथ घर लौटी और कुछ देर बाद 31 वर्षीय इंजीनियर की मौत हो गई। आखिर उस घर में ऐसा क्या हुआ? CCTV बंद होने से भी मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं।
Follow on Google News
“हम तो जमाइयों को मार देते हैं…” दो महीने बाद सच हुई धमकी? इंजीनियर बेटे की मौत से टूटी मां
इंजीनियर बेटे की मौत से टूटी मां

दिल्ली के निहाल विहार में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय कुमार गुप्ताा की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। 21 अगस्त की सुबह पत्नी से विवाद के कुछ देर बाद विनय के घर पहुंचे ससुराल पक्ष के लागों पर परिवार ने मारपीट का आरोप लगाया है। विनय की मां का दावा है कि उनके बेटे का गला दबाया गया और सीने पर लातें मारी गईं। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने विनय की पत्नी रेखा, उसके दो भाइयों और भाभी को गिरफ्तार किया है। 

बच्चों को दवाई लगाने को लेकर हुआ था विवाद

परिवार के मुताबिक, 21 अगस्त की सुबह विनय और उसकी पत्नी रेखा के बीच बच्चों को दवाई लगाने को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद रेखा घर से बाहर चली गई। करीब 10 मिनट बाद वह अपने मायके के लोगों के साथ वापस लौटी। विनय की मां के अनुसार, रेखा के साथ उसके दो भाई, भाभी, पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंचे थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि रिश्तेदार आए हैं और मामला बातचीत से सुलझ जाएगा। लेकिन आरोप है कि कुछ ही देर बाद घर के अंदर विनय के साथ मारपीट शुरू हो गई।

मां के सामने बेटे से मारपीट का आरोप

विनय की मां ने आरोप लगाया कि रेखा के बड़े भाई ने उनके बेटे के बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की तो उन्हें धक्का दे दिया गया। मां का दावा है कि इसके बाद विनय का गला दबाया गया और दोनों भाइयों ने उसके सीने पर पैर मारे। मां ने कहा कि रेखा का बड़ा भाई है, उसने मेरे बच्चे के बाल पकड़ लिए। बोला कि जितने बाल हैं न, ये सारे बाल उतार दूंगा। मैं उसको हटा रही थी तो मुझे धक्का मारकर पटक दिया। फिर मेरे बेटे का जोर से गला दबा दिया और जमीन पर पटक दिया। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि दोनों भाइयों ने विनय की छाती पर पैर मारे। परिवार का कहना है कि मारपीट के बाद विनय की हालत बिगड़ गई और वह अपने पैरों पर ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा था।

/img/119/1787465753580

पड़ोसी कंधे पर लेकर पहुंचा अस्पताल

घटना के बाद एक पड़ोसी विनय को कंधे पर लेकर घर से बाहर आया। उसे कुर्सी पर बैठाया गया और फिर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने विनय को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद निहाल विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विनय की मौत किन चोटों के कारण हुई।

विनय की शादी को हुए थे साढ़े तीन साल

विनय नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे। परिवार के मुताबिक, उनका सालाना पैकेज करीब 60 लाख रुपए था। करीब साढ़े तीन साल पहले उनकी शादी बुद्ध विहार की रहने वाली रेखा से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। विनय की मां के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले भी छोटी-मोटी कहासुनी होती रहती थी। रेखा अलग खाना बनाती थी और परिवार से अलग रहना चाहती थी। हालांकि, परिवार इसे सामान्य वैवाहिक मतभेद मानता रहा।

Breaking News

मां का दावा- दो महीने पहले मिली थी धमकी

इस मामले में विनय की मां ने करीब दो महीने पुरानी एक कथित धमकी का भी जिक्र किया है। उनका दावा है कि रेखा का बड़ा भाई पहले भी घर आया था और उस दौरान उसने कहा था कि हम तो जमाइयों को मार देते हैं। मां के मुताबिक, उस समय उन्होंने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया था। उन्होंने कहा कि मुझे क्या पता था कि ये लोग सच में जमाइयों को मार देते हैं। मां ने यह भी बताया कि विनय अपनी पत्नी रेखा के व्यवहार को लेकर उनसे बात करता था। उनके अनुसार, विनय कहता था कि रेखा बहुत जिद्दी है और उसके साथ जिंदगी कैसे कटेगी। हालांकि, मां उसे रिश्ते में थोड़ा समझौता करने की सलाह देती थीं।

CCTV बंद होने पर भी उठे सवाल

मामले में घर के CCTV कैमरों को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। विनय के परिवार का आरोप है कि घटना के समय घर में लगे CCTV कैमरे बंद थे। परिवार इसे लेकर संदेह जता रहा है और यह सवाल उठा रहा है कि कैमरे कब और क्यों बंद हुए। घर के बाहर लगे CCTV में रेखा और उसके साथ आए कुछ लोगों के दिखाई देने की बात सामने आई है। परिवार के मुताबिक, रेखा लाल कपड़ों में और उसकी भाभी नीले कपड़ों में नजर आती हैं। कार में परिवार के अन्य लोग भी मौजूद बताए जा रहे हैं। हालांकि, CCTV बंद होने की वजह क्या थी और इसका घटना से कोई संबंध था या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

नशे में चाकू लेकर सड़क पर निकला बदमाश:वीडियो वायरल फिर पुलिस ने दबोचा

चार लोगों की गिरफ्तारी, पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने इस मामले में विनय की पत्नी रेखा, उसके दो भाइयों और भाभी को गिरफ्तार किया है। जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घर के अंदर मारपीट के दौरान वास्तव में क्या हुआ था, किस आरोपी की क्या भूमिका थी और विनय की मौत की सही वजह क्या रही। वहीं, विनय की मां ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुझे और कुछ नहीं चाहिए, बस उन्हें फांसी हो। अब इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, CCTV फुटेज और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस की जांच आगे बढ़ेगी।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts