Delhi Rapido Auto Controversy:राइड के दौरान ड्राइवर देख रहा था अश्लील कंटेंट, महिला ने रंगे हाथों पकड़ा तो...

नई दिल्ली। ऑनलाइन राइड बुकिंग कंपनी रैपिडो एक बार फिर विवादों में आ गई है। दिल्ली में एक महिला यात्री ने रैपिडो ऑटो ड्राइवर पर सफर के दौरान आपत्तिजनक व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद कंपनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की और उसे अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया। महिला का आरोप है कि राइड के दौरान ड्राइवर ऑटो चलाते समय अश्लील कंटेंट देख रहा था और गलत हरकत कर रहा था।
सफदरजंग से मॉडल टाउन के लिए बुक की थी राइड
दिल्ली में रहने वाली रिसर्चर और डिजिटल क्रिएटर सुकन्या दत्ता ने बताया कि उन्होंने रात करीब 8:48 बजे सफदरजंग इलाके से मॉडल टाउन जाने के लिए रैपिडो ऑटो बुक किया था। उनके मुताबिक, राइड शुरू होने के कुछ समय तक सबकुछ सामान्य था। ड्राइवर सामान्य तरीके से ऑटो चला रहा था और उन्हें किसी तरह की परेशानी महसूस नहीं हुई, लेकिन कुछ देर बाद रास्ते में एक ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने के दौरान स्थिति बदल गई। महिला यात्री के अनुसार, उसी समय पास से गुजर रही एक अन्य महिला ने उन्हें कुछ इशारा किया।
पास से गुजर रही महिला ने किया इशारा
सुकन्या ने बताया कि दूसरी महिला ने उन्हें संकेत देकर बताया कि ऑटो ड्राइवर अपने मोबाइल फोन पर कुछ आपत्तिजनक वीडियो देख रहा है। यह जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ड्राइवर पर ध्यान दिया। उनका कहना है कि ड्राइवर को जैसे ही अंदाजा हुआ कि यात्री को उसकी गतिविधि के बारे में पता चल गया है, उसने तुरंत अपना फोन हटा लिया। महिला यात्री का आरोप है कि इसके बाद उन्हें महसूस हुआ कि ड्राइवर ऑटो चलाते समय अश्लील वीडियो देख रहा था और अनुचित व्यवहार कर रहा था।
अंजान रास्तों के कारण महिला ने तुरंत उतरना नहीं चुना
सुकन्या ने बताया कि उस समय उनकी मंजिल तक पहुंचने में करीब 30 मिनट बाकी थे। ऑटो ऐसे रास्तों से गुजर रहा था, जहां ज्यादा भीड़ नहीं थी और इलाके उनके लिए अनजान थे। ऐसी स्थिति में उन्होंने तुरंत विरोध करने या बीच रास्ते में उतरने के बजाय सुरक्षित जगह का इंतजार करना बेहतर समझा। उन्होंने बताया कि वह चुपचाप बैठी रहीं और कोशिश की कि ऑटो किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में पहुंचे, ताकि वहां उतरना ज्यादा सुरक्षित हो।
रैपिडो की सेफ्टी टीम से की शिकायत
घटना के दौरान सुकन्या ने रैपिडो की सेफ्टी टीम से भी संपर्क करने की कोशिश की। उन्होंने कंपनी को बताया कि वह राइड के दौरान खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और ड्राइवर के व्यवहार को लेकर शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, महिला के अनुसार, सफर खत्म होने तक उन्हें कंपनी की तरफ से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद जब वह ऑटो से उतरने वाली थीं, तब उन्होंने ड्राइवर से कैमरे पर सवाल भी किए।
ड्राइवर ने वीडियो देखने की बात से इनकार नहीं किया
सुकन्या के अनुसार, जब उन्होंने ड्राइवर से उसके मोबाइल पर चल रहे कंटेंट को लेकर सवाल किया तो उसने पूरी तरह इनकार नहीं किया। महिला का दावा है कि ड्राइवर ने कहा कि वह छोटे कपड़े पहनी विदेशी महिलाओं के वीडियो देख रहा था। इसके बाद महिला ने पूरी घटना को लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराई और कंपनी से कार्रवाई की मांग की।
रैपिडो ने आरोपी ड्राइवर को प्लेटफॉर्म से हटाया
मामला सामने आने के बाद रैपिडो ने कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया। कंपनी की ओर से कहा गया कि ड्राइवर के व्यवहार की जांच की गई और उसके गैर-पेशेवर आचरण को देखते हुए उसे हमेशा के लिए प्लेटफॉर्म से बाहर कर दिया गया है। कंपनी ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इस तरह के मामलों में सख्त कदम उठाए जाते हैं।











