दिल्ली आबकारी नीति केस : CBI की गिरफ्तारी के खिलाफ केजरीवाल की सुप्रीम कोर्ट में याचिका, दिल्ली HC में हो चुकी है खारिज

नई दिल्ली। दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े केस में जेल में बंद दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल ने CBI की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है। AAP की लीगल टीम ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। दिल्ली हाईकोर्ट ने 5 अगस्त को केजरीवाल की याचिका को खारिज कर दिया था।
CBI ने केजरीवाल को 26 जून को अरेस्ट किया था, जबकि ED ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने 12 जुलाई को मनी लॉन्ड्रिंग केस में उन्हें जमानत दे दी थी, लेकिन CBI केस के चलते वह जेल में ही हैं।
20 अगस्त तक बढ़ी न्यायिक हिरासत
दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े सीबीआई केस में राउज एवेन्यू कोर्ट ने 8 अगस्त को सीएम अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 अगस्त तक बढ़ा दी थी। उन्हें तिहाड़ जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया था। इससे पहले 12 जुलाई और 25 जुलाई को हिरासत की अवधि को बढ़ाया गया था। जांच एजेंसी ने सीएम केजरीवाल पर इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप लगाया है। शराब नीति में भ्रष्टाचार को लेकर CBI ने उन्हें 26 जून को गिरफ्तार किया था। CBI और ED ने दावा किया है कि, वित्त वर्ष 2021-22 की शराब नीति में घोटाला हुआ है। केंद्रीय जांच एजेंसियों के अनुसार, शराब कारोबारियों को अनुचित फायदा पहुंचाने के लिए उनसे रिश्वत ली गई थी। इन दावों को दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी बार-बार खारिज करती रही है।
12 जुलाई को SC ने केजरीवाल को अंतरिम जमानत दी थी
सुप्रीम कोर्ट ने 12 जुलाई को धनशोधन मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत दे दी थी और धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ‘‘गिरफ्तारी की आवश्यकता और अनिवार्यता” के पहलू पर तीन सवालों पर गहन विचार के लिए इस मामले को एक बड़ी पीठ को भेज दिया था। लेकिन केजरीवाल अब भी जेल में हैं, क्योंकि वह आबकारी घोटाले पर आधारित भ्रष्टाचार के एक मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा जांच के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में हैं।21 मार्च को गिरफ्तार हुए थे केजरीवाल
ईडी ने लगभग दो घंटे की पूछताछ के बाद अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें शुक्रवार (22 मार्च) को राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया और पूछताछ के लिए 10 दिनों की रिमांड मांगी, लेकिन कोर्ट ने छह दिन की रिमांड दी। 28 मार्च को केजरीवाल की रिमांड अवधि खत्म हुई, जो बाद में 1 अप्रैल तक बढ़ा दी गई। कोर्ट ने केजरीवाल को 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा था। जिसके बाद फिर से राउज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 23 अप्रैल तक बढ़ा दी थी। केजरीवाल को तिहाड़ जेल में 2 नंबर बैरक में रखा गया है।




















