Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कांग्रेस अनुसूचित विभाग के प्रदेश अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, तलवार-लाठियों से लैस हमलावरों ने कार में की तोड़फोड़

Follow on Google News
कांग्रेस अनुसूचित विभाग के प्रदेश अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, तलवार-लाठियों से लैस हमलावरों ने कार में की तोड़फोड़
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार पर रविवार को विदिशा जिले के गंजबासौदा क्षेत्र में जानलेवा हमला हुआ। कांग्रेस नेता ने खुद एक वीडियो जारी कर इस हमले की जानकारी दी है, जिसमें उन्होंने बताया कि 40-50 की संख्या में हथियारबंद लोगों ने उनकी कार पर अचानक हमला कर दिया।

हमले के दौरान कार के आगे और पीछे के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि कांग्रेस नेता इस हमले में बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घटना के बाद कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।

दहला गांव के पास हुआ हमला

प्रदीप अहिरवार ने बताया कि वे रविवार को बासौदा होते हुए ग्यारसपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में दहला गांव के पास उनकी कार को रोक कर करीब 50 लोगों ने हमला कर दिया। उनके मुताबिक, हमलावरों के हाथों में तलवारें और लाठियां थीं। अहिरवार ने आगे बताया कि मैंने गाड़ी का कांच खोलकर अपना परिचय दिया, लेकिन उन्होंने बिना कुछ सुने मुझ पर हमला कर दिया। कार पर चारों ओर से लाठियों और तलवारों से वार किया गया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए।

थाने में दर्ज कराई शिकायत

हमले के बाद कांग्रेस नेता गंजबासौदा थाना पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन को सख्त लहजे में कहा कि यदि दो घंटे के भीतर हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे थाना परिसर के सामने ही धरने पर बैठ जाएंगे। प्रदीप अहिरवार ने राज्य सरकार और जिले के एसपी को भी इस मामले में तुरंत कार्रवाई की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि इस तरह का हमला न केवल राजनीतिक विद्वेष का परिणाम हो सकता है, बल्कि यह कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाता है।

कुछ संदिग्ध पुलिस हिरासत में

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। गंजबासौदा थाना प्रभारी ने बताया कि एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। हमले के कारणों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- अहमदाबाद विमान हादसा: पूर्व CM रूपाणी का आज अंतिम संस्कार, अमित शाह होंगे शामिल, अब तक 86 शवों की हुई पहचान
Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar

Latest Posts