🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

परीक्षा देने जा रहे छात्र के पास नहीं था टिकट, पेनल्टी भरने को तैयार होने के बावजूद टीसी ने कमरे में बंद कर की मारपीट

दमोह रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा कर रहे एमएससी छात्र ने एक टीसी पर मारपीट और धमकाने का आरोप लगाया है। छात्र का कहना है कि वह पेनल्टी भरने को तैयार था, लेकिन उसे कमरे में ले जाकर पीटा गया। उसने 139 पर शिकायत की और बाद में शिकायत वापस लेने के लिए फोन आने का भी दावा किया है।
Follow on Google News
 परीक्षा देने जा रहे छात्र के पास नहीं था टिकट, पेनल्टी भरने को तैयार होने के बावजूद टीसी ने कमरे में बंद कर की मारपीट
दमोह। पीड़ित छात्र प्रिंस अवस्थी।

दमोह। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा कर रहे एक छात्र के साथ कथित रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र का आरोप है कि वह पेनल्टी भरने के लिए तैयार था और उसने टिकट बनाने का अनुरोध भी किया, लेकिन टिकट बनाने के बजाय एक टीसी ने उसके साथ मारपीट की और उसे एक कमरे में ले जाकर धमकाया और मारा। छात्र ने मामले की शिकायत रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर किए जाने तथा बाद में शिकायत वापस लेने के लिए फोन आने का भी दावा किया है।

परीक्षा से एक दिन पहले ट्रेन से दमोह पहुंचा छात्र 

प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्र प्रिंस अवस्थी ने बताया कि वह एमएससी का छात्र है और 19 अगस्त को सुबह 9 बजे से उसकी परीक्षा थी। गांव से शहर की दूरी करीब 50 किलोमीटर है और आवागमन के साधन कम हैं, इसलिए उसे एक दिन पहले आना पड़ता है। इसी वजह से वह परीक्षा से एक दिन पहले मेमो ट्रेन क्रमांक 11602 से यात्रा कर रहा था। ट्रेन शाम करीब 4:38 बजे संगौनी स्टेशन पहुंची थी। छात्र के अनुसार, वह जल्दबाजी में दौड़कर ट्रेन में चढ़ा, जिसके कारण वह टिकट नहीं ले सका। ट्रेन शाम करीब 5:53 बजे दमोह रेलवे स्टेशन पहुंची।

टिकट नहीं था, पेनल्टी भरने की बात कही 

छात्र का कहना है कि दमोह स्टेशन पर टिकट जांच के दौरान उससे टिकट के संबंध में पूछा गया। उसने संबंधित कर्मचारी को बताया कि जल्दबाजी में टिकट नहीं ले पाया और वह नियमानुसार पेनल्टी सहित टिकट बनवाने के लिए तैयार है। आरोप है कि इसके बाद टिकट बनाने की कार्रवाई करने के बजाय एक टीसी ने पहले उसके साथ धक्का-मुक्की की।

कमरे में ले जाकर मारपीट 

प्रिंस अवस्थी के मुताबिक, उक्त व्यक्ति ने नेमप्लेट नहीं लगा रखी थी। आरोप है कि उसे एक कमरे में ले जाया गया, जहां सीसीटीवी कैमरा नहीं होने की बात छात्र ने कही है। छात्र का दावा है कि वहां उससे मोबाइल जमा करने को कहा गया और उसके साथ कथित तौर पर पांच थप्पड़ मारे गए तथा लात से भी मारपीट की गई। इसके बाद उससे 200 रुपये का भुगतान कराया गया।

ये भी पढ़ें: भोपाल में ड्यूटी के दौरान SSB जवान की मौत, सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी; मराठी में मिला सुसाइड नोट

139 पर शिकायत के बाद फोन आने का दावा 

छात्र ने बताया कि घटना के बाद उसने रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई। उसका आरोप है कि शिकायत करने के बाद उसके मोबाइल नंबर पर 7701085668 से फोन आया और शिकायत वापस लेने के लिए कहा गया। छात्र के अनुसार, बाद में उसकी शिकायत निरस्त किए जाने की संभावना है। छात्र का कहना है कि उसके पास उक्त फोन कॉल की रिकॉर्डिंग उपलब्ध हो सकती है।

/img/89/1787133316588

निष्पक्ष जांच और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग 

छात्र ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित कर जांच करने तथा उसके साथ कथित रूप से मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि यदि उसने बिना टिकट यात्रा की थी तो रेलवे के नियमों के अनुसार उससे निर्धारित जुर्माना वसूल किया जाना उचित था, लेकिन टिकट अथवा पेनल्टी की कार्रवाई के दौरान किसी यात्री के साथ मारपीट और धमकाने का अधिकार किसी को नहीं है।

ये भी पढ़ें: गलत भी नहीं कह सकते, सही भी नहीं...Gen-Z पर बाबा बागेश्वर की दो टूक

कॉल किया तो रिपोर्टर का फोन नंबर ब्लॉक किया

मामले में पक्ष जानने के लिए 7701085668 नंबर पर कॉल किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया और रिपोर्टर का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया। संबंधित कर्मचारी की पहचान, 139 पर दर्ज शिकायत तथा कथित फोन कॉल को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। छात्र ने मामले की जांच की मांग की है। इस संबंध में स्टेशन मास्टर मनोज सराफ का कहना है कि जानकारी लेते हैं कि किसकी ड्यूटी थी। मामले की इंक्वायरी करवाई जाएगी।

Dheeraj Jonsan
By Dheeraj Jonsan

Latest Posts