🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

भोपाल में ड्यूटी के दौरान SSB जवान की मौत, सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी; मराठी में मिला सुसाइड नोट

भोपाल के कमला नगर स्थित CSD कैंप डिपो में ड्यूटी के दौरान 35 वर्षीय SSB जवान संदीप खरमटे की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस को मराठी भाषा में सुसाइड नोट मिला है।
Follow on Google News
भोपाल में ड्यूटी के दौरान SSB जवान की मौत, सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी; मराठी में मिला सुसाइड नोट
भोपाल में ड्यूटी के दौरान SSB जवान की मौत

कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित सीएसडी कैंप डिपो में ड्यूटी के दौरान SSB के 35 वर्षीय जवान संदीप खरमटे की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कमला नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

रात 10 बजे पत्नी से हुई थी आखिरी बातचीत

संदीप की पत्नी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे उनकी पति से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय संदीप ने बताया था कि वह ड्यूटी पर हैं। बातचीत के बाद दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं हुआ। बुधवार सुबह करीब 4 बजे विभाग की ओर से परिवार को संदीप की मौत की सूचना दी गई। अचानक मिली इस खबर से परिवार में शोक का माहौल है।

ये भी पढ़ें: भोपाल में टैक्सी हड़ताल से हाहाकार! स्टेशन और एयरपोर्ट पर फंसे यात्री, परिवहन मंत्री के सामने रखेंगे मांगें

मराठी भाषा में मिला सुसाइड नोट

जांच के दौरान पुलिस को जवान के पास से मराठी भाषा में लिखा सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने इसे अनुवाद के लिए भेजा है, ताकि उसमें लिखी पूरी जानकारी सामने आ सके। कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के मुताबिक नोट में अब तक जो बातें समझ में आई हैं, उनमें संदीप ने अपनी पत्नी से माफी मांगी है। साथ ही निजी कारणों से आत्महत्या करने की बात लिखे होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि नोट का पूरा अनुवाद होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जवान ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

ये भी पढ़ें: Durag Bhilai: भिलाई 3 चरौदा में रेलवे के नोटिस से संकट, दुकानदारों और रहवासियों का विरोध हुआ तेज

साथियों और अधिकारियों से भी पूछताछ

पुलिस जवान के साथ ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों और विभागीय अधिकारियों से भी जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा परिवार के सदस्यों के विस्तृत बयान भी लिए जाएंगे। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट के पूरे अनुवाद के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल जवान का शव हमीदिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts