सिर्फ 6.8 फुट चौड़े एक ही फुट ओवर ब्रिज के भरोसे दमोह स्टेशन, ट्रेन आते ही बढ़ जाती है भीड़

दमोह। स्थानयी रेलवे स्टेशन का स्वरूप विकास कार्यों के चलते लगातार बदल रहा है, लेकिन प्लेटफार्म नंबर एक से दो और तीन पर आने-जाने वाले यात्रियों की परेशानी फिलहाल कम नहीं हुई है। स्टेशन पर प्लेटफार्म बदलने के लिए वर्तमान में केवल एक फुट ओवर ब्रिज ही यात्रियों के आवागमन का प्रमुख साधन है। इसकी चौड़ाई करीब 6.8 फीट होने के कारण ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय पुल पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में एक-दूसरे को पार करने में यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

प्रतिदिन गुजरती हैं 38 से 40 यात्री ट्रेनें
दमोह स्टेशन से प्रतिदिन तथा सप्ताह में एक, दो और तीन दिन संचालित होने वाली ट्रेनों को मिलाकर करीब 38 से 40 यात्री ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें कई ट्रेनों का ठहराव प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर होता है। ट्रेन के आने और छूटने के समय बड़ी संख्या में यात्री एक साथ प्लेटफार्म बदलने के लिए फुट ओवर ब्रिज पर पहुंचते हैं, जिससे आवाजाही प्रभावित होती है। बुजुर्गों, बच्चों और सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ये भी पढ़ें: बारिश ने खोली विकास की पोल, बरेला की सड़कें बनीं दलदल; ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल

निर्माणाधीन ओवर ब्रिज से जगी उम्मीद
स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन ढांचा दिखाई दे रहा है, जहां नए ओवरब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। वर्तमान में प्लेटफार्म नंबर दो पर निर्माण कार्य के चलते यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जबकि प्लेटफार्म नंबर एक पर निर्माण सामग्री रखी होने से भी दिक्कतें बढ़ रही हैं। यात्रियों का कहना है कि नया ओवर ब्रिज जल्द तैयार होने से प्लेटफार्म नंबर दो और तीन तक पहुंचना आसान होगा तथा मौजूदा पुल पर यात्रियों का दबाव भी कम हो जाएगा।
ये भी पढ़ें: 3 महीने की गर्भवती, रक्षा मंत्रालय में नौकरी... ससुराल की प्रताड़ना के आरोपों के बीच विवाहिता ने दी जान






















