राजकोट एयरपोर्ट पर पटाखों से लगी आग, धुएं के कारण वडोदरा डायवर्ट करनी पड़ी एअर इंडिया की फ्लाइट

राजकोट। गुजरात के राजकोट स्थित हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पक्षियों को भगाने के लिए पटाखे फोड़ने के दौरान रनवे के पास सूखी घास में आग लग गई। आग से उठे धुएं के कारण रनवे पर दृश्यता कम हो गई, जिससे विमानों की लैंडिंग प्रभावित हुई। सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली से राजकोट आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को वडोदरा डायवर्ट कर सुरक्षित उतारा गया।
पटाखों की चिंगारी से सूखी घास में लगी आग
जानकारी के मुताबिक हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे के आसपास से पक्षियों को दूर रखने के लिए पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान पटाखों से निकली चिंगारी पास में मौजूद सूखी घास पर जा गिरी। देखते ही देखते घास में आग फैल गई और चारों तरफ धुएं का गुबार छा गया। धुआं रनवे तक पहुंचने से दृश्यता काफी कम हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
रनवे पर धुएं के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली
दिल्ली से राजकोट आ रही एअर इंडिया की सुबह की फ्लाइट निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 10:25 बजे पहुंचने वाली थी। हालांकि, रनवे पर धुआं फैलने और दृश्यता कम होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट को विमान हवा में ही चक्कर लगाकर इंतजार करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक विमान ने इस दौरान चार चक्कर लगाए। इसके बावजूद जब दृश्यता में सुधार नहीं हुआ, तो विमान को दूसरे एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया गया।
भोपाल एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट रद्द, हार्ड लैंडिंग के बाद तकनीकी जांच में विमान अनफिट
वडोदरा एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया विमान
राजकोट में लैंडिंग की स्थिति सामान्य नहीं होने पर एअर इंडिया की फ्लाइट को वडोदरा की ओर डायवर्ट कर दिया गया। विमान ने वहां सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में 100 से अधिक यात्री सवार थे। सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।




















