Cyclone Akvan: ओडिशा-आंध्र में चक्रवात का खतरा, लाख लोगों को किया शिफ्ट, ट्रेनें रद्द, रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी!

भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अकवान को लेकर ओडिशा और आंध्र प्रदेश में प्रशासन अलर्ट पर है। तूफान के कारण तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अकवान की ताकत पहले के मुकाबले कम हुई है। अब इसके दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। लोगों की सुरक्षा के लिए राहत शिविर बनाए गए हैं और बचाव दलों को तैनात किया गया है।
अकवान की दिशा बदली, ओडिशा की ओर बढ़ा तूफान
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अकवान पहले आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा था लेकिन बाद में इसकी दिशा बदल गई। मौसम विभाग के अनुसार, यह उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट को गोपालपुर के आसपास पार करने का अनुमान है। 20 नवंबर की सुबह जारी मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक, तूफान की ताकत कम होकर सामान्य चक्रवाती तूफान जैसी रह गई है। पहले हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान था। झोंकों के साथ यह 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती थी। नए अपडेट में हवा की रफ्तार कम बताई गई है।
ओडिशा के 20 जिलों में अलर्ट, लाखों लोगों को हटाया गया
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने 20 जिलों में अलर्ट जारी किया है। राज्य में करीब 2.98 लाख लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने लोगों के रहने और खाने-पीने के लिए 2,523 राहत शिविर बनाए हैं। इसके अलावा 9,341 चक्रवात आश्रय स्थल तैयार रखे गए हैं। इनमें से 2,623 आश्रय स्थलों को जरूरत के अनुसार चालू किया गया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तूफान से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली। सरकार का कहना है कि लोगों की सुरक्षा को सबसे पहले रखा जा रहा है।
हिमाचल में होगी भांग की खेती, प्रक्रिया हुई शुरू; सरकार ने जारी किए लाइसेंस
NDRF और बचाव दल तैनात, समुद्र में जाने पर रोक
तूफान को देखते हुए ओडिशा में 423 बचाव दल तैनात किए गए हैं। इनमें NDRF, ODRAF और दमकल विभाग की टीमें शामिल हैं। इन टीमों को जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है। समुद्र तटों पर लाल झंडे लगाए गए हैं। लोगों को बीच और दूसरे खतरनाक इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। पुरी, गोपालपुर, सतपाड़ा और चिल्का जैसे पर्यटन स्थलों पर भी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
ट्रेनें रद्द, यात्रियों को परेशानी
चक्रवात का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने कुल 69 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। इनमें पूर्व तट रेलवे की 41 और दक्षिण पूर्व रेलवे की 28 ट्रेनें शामिल हैं। कुछ दूसरी ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। तूफान के कारण कई इलाकों में रेल यात्रा प्रभावित हो सकती है। वहीं, कुछ जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रखे गए हैं।
आंध्र प्रदेश में भी रेड और ऑरेंज अलर्ट
चक्रवात अकवान का असर केवल ओडिशा तक सीमित नहीं है। आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में भी रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी दी है। मछुआरों को 21 नवंबर की सुबह तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। गोपालपुर और आसपास के तटीय इलाकों में समुद्र पहले से ही अशांत है। भुवनेश्वर और गंजाम में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने ओडिशा के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। कुछ जगहों पर इससे भी ज्यादा बारिश हो सकती है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली के तार टूटने और निचले इलाकों में पानी भरने की परेशानी हो सकती है। विशाखापत्तनम और गोपालपुर में लगे डॉप्लर रडार से तूफान की दिशा और रफ्तार पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें।




















