PU Special :शादी के बाद संकट में पति! पुरुष हेल्पलाइन पर बढ़ीं मदद की कॉल्स, MP में 7 महीने में पतियों की हत्या के 36 मामले

पल्लवी वाघेला, भोपाल। एकम न्याय फाउंडेशन के दावे के अनुसार, जनवरी से जुलाई 2026 के बीच प्रदेश में पतियों की हत्या के 36 मामले सामने आए हैं। इस आंकड़े के साथ मध्यप्रदेश देश में दूसरे नंबर पर है, जबकि 93 मामलों के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। संगठन ने जेंडर न्यूट्रल हेल्प सिस्टम और पुरुष आयोग बनाने की मांग भी उठाई है।
10 महीने में हेल्पलाइन पर पहुंचे 23 हजार कॉल
पुरुष अधिकार संगठनों के मुताबिक, मध्यप्रदेश में वैवाहिक विवाद, घरेलू तनाव और प्रताड़ना से परेशान विवाहित पुरुष बड़ी संख्या में मदद मांग रहे हैं। इस साल के शुरुआती 10 महीनों में हेल्पलाइन पर प्रदेश से करीब 23 हजार कॉल आए, जिनमें लगभग 13 हजार मामलों में पुरुषों ने गंभीर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से गुजरने की बात कही। ये कॉल पुरुष हेल्पलाइन नंबर 9425400999, 8882498498 और एकम फाउंडेशन की ऑनलाइन काउंसलिंग व्यवस्था पर पहुंचे हैं।
ये भी पढ़ें: इंदौर में एक पत्नी से नहीं भरा मन! दूसरी लड़की को घर लाने की जिद, तलाक से इनकार पर पत्नी की पिटाई
आईटी प्रोफेशनल्स की सबसे ज्यादा शिकायतें
हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों को पेशे के आधार पर भी बांटा गया है। आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा 29.5 प्रतिशत शिकायतें आईटी प्रोफेशनल्स की ओर से आईं, जबकि मैनेजमेंट और मेडिकल क्षेत्र के लोगों की हिस्सेदारी 19 प्रतिशत रही। इसके अलावा बिजनेस से 13.5 प्रतिशत, शासकीय कर्मचारियों से 10 प्रतिशत, मीडिया और पीआर से 4 प्रतिशत, पुलिस विभाग से 1.5 प्रतिशत और अन्य क्षेत्रों से 22.5 प्रतिशत शिकायतें दर्ज की गईं।
पतियों की हत्या के मामलों में एमपी दूसरे नंबर पर
एकम न्याय फाउंडेशन के दावे के अनुसार, जनवरी से जुलाई 2026 के बीच मध्यप्रदेश में पतियों की हत्या के 36 मामले दर्ज हुए हैं। इस आंकड़े के साथ प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है, जबकि 93 मामलों के साथ उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर है। मध्यप्रदेश के बाद राजस्थान, तेलंगाना और महाराष्ट्र का स्थान है, वहीं फाउंडेशन के मुताबिक हत्या के करीब 60 फीसदी मामलों में विवाहेतर संबंध कारण के रूप में सामने आए हैं।
इंदौर संभाग और जिला सबसे आगे, तीन चर्चित मामले
मध्यप्रदेश में पति की हत्या के मामलों में इंदौर संभाग और जिला पहले नंबर पर बताए गए हैं, इसके बाद जबलपुर, भोपाल, रीवा और ग्वालियर आते हैं। इस साल सामने आए चर्चित मामलों में 12 अप्रैल को इंदौर के राऊ क्षेत्र में प्रॉपर्टी कारोबारी नवीन पाटीदार की गोली मारकर हत्या का मामला शामिल है, जिसमें पुलिस के मुताबिक उनकी पत्नी भारती पाटीदार और कथित प्रेमी पर तीन साल की साजिश के बाद शूटर्स की मदद से हत्या कराने का आरोप है। अप्रैल में धार के गोंदीखेड़ा चारण में मसाला कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या और मार्च में लापता हुए सतना के टीकर गांव निवासी 26 वर्षीय विपिन यादव का मामला भी सामने आया, जिसमें पुलिस के मुताबिक पत्नी आंचल ने कथित प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और शव दफना दिया था।
दो शिकायतों में पत्नी से जान का खतरा होने का आरोप
भोपाल के एक युवक ने हेल्पलाइन 8882498498 पर शिकायत कर बताया कि पत्नी के व्यवहार में बदलाव और देर रात तक घर से बाहर रहने को लेकर सवाल करने पर विवाद बढ़ गया। युवक का आरोप है कि पत्नी ने उसे निजी मामलों में दखल देने पर जिंदा नहीं छोड़ने की धमकी दी, जिसके बाद उसने काउंसलिंग, सुरक्षा और कानूनी मार्गदर्शन मांगा। वहीं, जबलपुर के एक युवक ने पौरुष संस्था की हेल्पलाइन 9425400999 पर शिकायत की कि मकान और कृषि भूमि अपने नाम कराने के दबाव के बीच पत्नी ने कथित तौर पर उसे जान से खत्म करने की धमकी दी, जिससे वह घर में भी असुरक्षित महसूस कर रहा है।
पुरुष आयोग की मांग
एकम न्याय फाउंडेशन की संस्थापक दीपिका नारायण ने बताया कि पुरुषों के खिलाफ अत्याचार के आधिकारिक आंकड़े उपलब्ध नहीं होने से इस समस्या पर पर्याप्त ध्यान नहीं जाता। इसी वजह से संस्था अलग-अलग समाचार माध्यमों में प्रकाशित हत्या और आत्महत्या से जुड़े मामलों का अध्ययन करती है और पीड़ित की जानकारी, घटना के तरीके और सामने आए कारणों का रिकॉर्ड तैयार करती है। संस्था का दावा है कि करीब 70 एनजीओ और 10 से 12 हजार कार्यकर्ता पुरुषों के अधिकारों के लिए अभियान चला रहे हैं, वहीं हेल्पलाइन भोपाल के कॉर्डिनेटर नितिन तलवार ने बताया कि संगठन लंबे समय से जेंडर न्यूट्रल हेल्प सिस्टम और पुरुष आयोग बनाने की मांग कर रहे हैं।




















