अपने ही प्रदर्शन में खुद फंसे पटवारी, पैरो पर रखी अंबेडकर की तस्वीर, बीजेपी हमलावर

भोपाल। सोमवार को कांग्रेस ने बाबा साहब भीम राव अंबेडकर के अपमान को लेकर प्रदर्शन किया। इसी दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पैर पर बाबा साहब अंबेडकर की तस्वीर रखी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसे लेकर अब भाजपा हमलावर है और बीजेपी ने इस घटना को अंबेडकर का अपमान बताया। साथ ही कांग्रेस से माफ़ी की मांग की है।
वायरल वीडियो पर बीजेपी हमलावर
बीजेपी ने वीडियो जारी किया, जिसमें पटवारी डॉ. अंबेडकर की तस्वीर अपने घुटने पर रखकर कुछ लिखते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ देर बाद कोई कार्यकर्ता उन्हें कुछ कहता है जिसके बाद पटवारी तस्वीर सीधा कर पकड़ लेते हैं। बीजेपी ने इस वीडियो को अंबेडकर के अपमान के रूप में प्रस्तुत किया है।नरोत्तम मिश्रा ने कसा तंज
पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी पटवारी पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा, 'ये कभी नहीं सुधरेंगे.. कांग्रेसियों ने नेहरू जी से सीखा अंबेडकर जी को नीचा दिखाने का खेल, जीतू पटवारी ने अंबेडकर जी की तस्वीर को सरेआम सबके सामने पैरों पर रखकर साबित किया कि अंबेडकर जी की तस्वीर उनके लिए सिर्फ एक कागज का टुकड़ा है।'
बीजेपी प्रवक्ता ने बोला हमला
बीजेपी नेता नरेंद्र सलूजा ने वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया और लिखा कि ये है कांग्रेस का चरित्र? ये है कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर? बाबा साहेब के सम्मान का कांग्रेस का ढोंग हुआ उजागर, मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज इंदौर में बाबा साहेब के सम्मान के नाम पर निकाली पदयात्रा में बाबा साहेब का अपमान किया है। बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर के चित्र को घुटने पर रखकर, चित्र के पीछे अपने भाषण के बिंदु लिखते रहे, पास खड़े नेताओ ने याद दिलाया कि सामने मीडिया देख रही है तो घुटने पर से बाबा साहेब का चित्र हटाया। नरेंद्र सलूजा ने आगे कहा की बाबा साहेब के इस अपमान पर कांग्रेस नेतृत्व को माफ़ी मांगना चाहिये और जीतू पटवारी को तत्काल पद से हटाना चाहिये।





















