Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Kerala Congress Controversy : जॉन के बयान से कांग्रेस की जान आफत में... पार्टी में फिल्मों की तरह कास्टिंग काउच

Follow on Google News
Kerala Congress Controversy : जॉन के बयान से कांग्रेस की जान आफत में... पार्टी में फिल्मों की तरह कास्टिंग काउच
तिरूवनंतपुरम। केरल कांग्रेस की नेता सिमी रोजबेल जॉन ने आरोप लगाया है कि पार्टी में फिल्मों की तरह कास्टिंग काउच जैसी स्थिति है, जहां सिर्फ सीनियर नेताओं के करीबियों को ही आगे बढ़ने का मौका मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में महिलाओं का शोषण होता है और उन्हें अपने अधिकारों के लिए लड़ना पड़ता है। उन्होंने यह बात एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कही, जिसके बाद केरल कांग्रेस ने सिमी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह महिलाओं के मुद्दों पर बोलने का ढोंग करती है, लेकिन वास्तव में उनकी आवाज दबाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ सीनियर नेताओं के करीबियों को ही पार्टी में आगे बढ़ने का मौका देती है।

केरल कांग्रेस पर लगाए ये गंभीर आरोप

महिलाओं का शोषण सभी क्षेत्रों में हो रहा है, यहां तक ​​कि कार्यस्थलों और राजनीति में भी। पार्टी की कई साथी महिलाओं ने उनके साथ अपने बुरे अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने केरल की महिला नेताओं को सलाह दी है कि वे नेताओं से मिलने अकेले न जाएं। अपने परिवार या दोस्तों को साथ लेकर जाएं। मेरे पास सबूत हैं जो उचित समय पर सामने आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि केरल कांग्रेस में मौका पाने के लिए महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं को शोषण का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

मैंने महिलाओं की आवाज बनकर गलती की : सिमी

पार्टी से निष्कासन के बाद सिमी रोजबेल जॉन ने कोच्चि में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हाल ही में एक व्यक्ति को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। लेकिन कोई सबूत नहीं है और अगर है, तो इसे सार्वजनिक करना चाहिए। वहीं उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लतिका सुभाष और पद्मजा वेणुगोपाल को भी निकाल दिया गया था। सिमी ने कहा कि आत्मसम्मान वाली महिलाएं कांग्रेस में काम नहीं कर पाएंगी और मुझे भी निकाल दिया गया। मैंने महिलाओं की आवाज बनकर गलती कर दी। मुझे अब सड़क पर चलने में डर लगता है।

शिकायत की जांच करेगी केपीसीसी

केरल कांग्रेस प्रमुख के सुधाकरन ने कहा है कि महिला कांग्रेस ने सिमी रोजबेल जॉन के आरोपों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि सिमी ने नेताओं के खिलाफ गलत टिप्पणी की और उनके आरोप निराधार हैं। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) महिला कांग्रेस की शिकायत की जांच करेगी।

भाजपा ने बोला हमला

भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने केरल कांग्रेस की नेता सिमी रोजबेल जॉन के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सिमी ने पार्टी में शोषण और 'कास्टिंग काउच' की संस्कृति का आरोप लगाया था, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें चुप कराने और पार्टी से हटाने का विकल्प चुना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के मुद्दों पर बोलने का ढोंग करती है, लेकिन वास्तव में उनकी आवाज दबाती है।

क्या होता है ‘कास्टिंग काउच'?

‘कास्टिंग काउच' उस अनैतिक और गैर-कानूनी व्यवहार को कहते हैं, जिसमें काम देने के एवज में सामने वाले का यौन उत्पीड़न किया जाता है। जिसमें कोई उम्मीदवार या किसी जूनियर से किसी व्यवसाय में प्रवेश करने या किसी संगठन के भीतर कैरियर की उन्नति के लिए सेक्स की मांग की जाती है। यह शब्द मूल रूप से फिल्म उद्योग में उत्पन्न हुआ था, लेकिन अब अन्य उद्योगों में भी इसका उपयोग किया जाता है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts