Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह पर लगाया बेहिसाब संपत्ति अर्जित करने का आरोप, मंत्री बोले- 1200 एकड़ का मालगुजार हूं, कोई नोटिस नहीं मिला

कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह पर लगाया बेहिसाब संपत्ति अर्जित करने का आरोप, मंत्री बोले- 1200 एकड़ का मालगुजार हूं, कोई नोटिस नहीं मिला
भोपाल। मप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जेपी धनोपिया और मप्र कांग्रेस सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पुनीत टंडन ने मंगलवार को संयुक्त पत्रकारवार्ता आयोजित की। जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश शासन के मंत्री भूपेंद्र सिंह द्वारा अपने पूर्व मंत्रित्व काल में अर्जित अनुपातहीन संपत्ति की उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग सीएम शिवराज सिंह चौहान से की है। साथ ही मंत्री के संपूर्ण कार्यकाल की उच्चस्तरीय कमेटी गठित कर जांच कराने की मांग की है। साथ ही भूपेंद्र सिंह से इस्तीफा लेने की मांग रखी। कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों को मंत्री भूपेंद्र सिंह ने खारिज किया।

कोई इनकम टैक्स का नोटिस नहीं मिला : भूपेंद्र सिंह

कांग्रेस नेताओं के आरोप लगाने के बाद मंगलवार को मंत्री भूपेंद्र सिंह पत्रकारवार्ता आयोजित कर अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि नया कुछ भी नहीं है। ये सारी चीजें है 2018 के इलेक्शन में डिक्लेरेशन में सारा दिया हुआ है। इनकम टैक्स के आरोप पर कहा कि मुझे आज तक कोई इनकम टैक्स का नोटिस नहीं मिला हैं।

पिताजी 12 गांव के मालगुजार थे : भूपेंद्र सिंह

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मेरे स्वगीय पिताजी 12 गांव के मालगुजार थे और हमारे परिवार में उस समय 1200 एकड़ जमीन थी। हमारे पास सभी पुरानी संपत्ति है। इसको बनाने के लिए हमने विभिन्न बैंकों से 42 करोड़ का लोन लिया है। विधिवत लोन लेकर हमने इसको बनाया है।

सागर की जमीनों की कीमत बढ़ी, इसलिए संपत्ति बढ़ी : भूपेंद्र सिंह

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हमारी जमीन सागर शहर से लगे हुई है। सागर शहर की जमीनों की कीमतें लगातार बढ़ने की वजह से हमारी जमीन की कीमत बढ़ी है। आज कीमत बढ़ी इसलिए हमारी संपत्ति बढ़ी है। ये सारी पैतृक संपत्ति है। हमारे पिताजी ने तो 25 एकड़ जमीन मंदिर के लिए दान दी।

यह गंदी राजनीति है : भूपेंद्र सिंह

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के आरोप में कोई सत्यता नहीं है। यह गंदी राजनीति की जा रही है। इसको लेकर हम कोर्ट जाएंगे। अगर कुछ होता तो इनकम टैक्स जाते। केवल हमारी संपत्ति का वैल्यूएशन बढ़ा है, हमने कोई अलग से अर्जित नहीं किया है। हमने कोई बंगला क्रय नहीं किया। ये सभी बैंक से लोन लेकर हमने बनाया है।

खुरई में कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिल रहा : भूपेंद्र सिंह

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को खुरई में कोई प्रत्याशी नहीं मिल रहा है। हमने दिग्विजय-कमलनाथ पर आरोप लगाए थे। इसलिए ये दतिया और खुरई को टारगेट करेंगे, वही वे कर रहे हैं। 1985 में कांग्रेस ने हमारे परिवार की 100 एकड़ जमीन ली थी, क्योंकि हमने कांग्रेस ज्वाइन नहीं की थी।

कांग्रेस ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भूपेंद्र सिंह एवं उनके परिवार द्वारा वर्ष 2008 से वर्ष 2018 के मध्य अकूत संपत्ति एकत्रित की गई है तथा वर्ष 2018 के उपरांत भी मंत्री भूपेंद्र सिंह, उनके परिवार व उनके निकट रिश्तेदारों द्वारा करोड़ों रुपए की आय से अधिक संपत्ति एकत्रित की गई है, जो कि भूपेन्द्र सिंह द्वारा विधानसभा चुनाव वर्ष 2008, लोक सभा चुनाव वर्ष 2009, विधानसभा चुनाव वर्ष 2013 एवं विधानसभा चुनाव वर्ष 2018 के दौरान उनके द्वारा चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत शपथ पत्रों से स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होता है। वर्ष 2013 एवं 2020 में प्रकाशित एडीआर रिपोर्टों को भी आधार बनाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा मध्य प्रदेश में पिछले लगभग 19 वर्षों के शासन के दौरान अपने मंत्रियों के माध्यम से प्रदेश की जनता के साथ छलकर भारी भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। शासकीय योजनाओं में घोटाले करते हुए भाजपा के मंत्रियों ने अनुपातहीन संपत्तियां अर्जित की हैं। मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts