Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल का विस्तार आज, CM विष्णुदेव का ऐलान, 9 विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ

Follow on Google News
छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल का विस्तार आज, CM विष्णुदेव का ऐलान, 9 विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार आज यानी शुक्रवार होने जा रहा है। इसमें कुल 9 विधायक मंत्रिमंडल की शपथ लेने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन सभी 9 विधायकों के नामों का भी ऐलान कर दिया है। साय कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में आयोजित किया जाएगा। कुल 9 विधायकों को राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

ये विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इससे मंत्रिमंडल की संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी। उन्होंने गुरुवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि 9 विधायक सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर राजभवन में मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि मंत्री पद की शपथ लेने वालों में बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हैं।

सीएम समेत अधिकतम 13 मंत्री हो सकते हैं

साय ने कहा, जल्द ही विभागों का आवंटन भी कर दिया जाएगा। मंत्रिमंडल में एक और पद बाद में भरा जाएगा। छत्तीसगढ़ में 90 सदस्यीय विधानसभा में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 13 सदस्य हो सकते हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रिमंडल में तीन सदस्य- मुख्यमंत्री साय और दो उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा हैं। उन्होंने 13 दिसंबर को शपथ ली थी। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद 12 में से 6 सदस्य-अरुण साव, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से होंगे। वहीं तीन अन्य सदस्य -मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रामविचार नेताम और केदार कश्यप अनुसूचित जनजाति (एसटी) से होंगे। राज्य मंत्रिमंडल में अनुसूचित जाति (एससी) से एक सदस्य दयालदास बघेल, वहीं सामान्य वर्ग से दो सदस्य विजय शर्मा और बृजमोहन अग्रवाल होंगे। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राजवाड़े मंत्रिमंडल में एकमात्र महिला सदस्य होंगी।

इन संभागों से बनेंगे मंत्री

शुक्रवार को मंत्रिमंडल विस्तार के बाद साय सरकार में सरगुजा संभाग से चार, बिलासपुर संभाग से तीन, रायपुर और दुर्ग संभाग से दो-दो और बस्तर संभाग से एक सदस्य होंगे। राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हराकर भाजपा ने 5 वर्ष बाद सत्ता में वापसी की है। भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 54 सीट जीती हैं, जबकि कांग्रेस 35 सीट ही हासिल कर सकी। राज्य में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को एक सीट मिली है। ये भी पढ़ें- CM डॉ. मोहन यादव दिल्ली रवाना, मंत्रिमंडल विस्तार के लिए केंद्रीय नेतृत्व के साथ होगा मंथन
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts