गुना जिला अस्पताल में दीपावली की रात डॉक्टरों ने बचाई मां-बेटी की जान, अस्पताल में मनाया 3 साल के बच्चे का जन्मदिन; प्रसूताओं को बांटे उपहार

गुना। दीपावली की रात जब लोग अपने घरों में दीप जलाकर त्योहार मना रहे थे, तब गुना जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में डॉक्टरों की टीम एक प्रसूता और उसके गर्भस्थ शिशु की जान बचाने में जुटी थी। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश राजपूत और उनकी टीम ने रात 12 बजे आपातकालीन ऑपरेशन कर मां और नवजात बच्ची दोनों को सुरक्षित बचा लिया। इस दौरान अस्पताल में एक तीन साल के बच्चे का जन्मदिन भी मनाया गया। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती प्रसूता माताओं और उनके नवजात शिशुओं को नए कपड़े और मिठाइयां बांटी गईं।

रात 12 बजे शुरू हुआ आपातकालीन ऑपरेशन
दीपावली की रात पिपरौदा कला, जिला गुना निवासी अंजलि पत्नी सुरजीत की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें गंभीर रक्तस्राव यानी एंटीपार्टम हेमरेज होने लगा। इस दौरान उनका ब्लड प्रेशर तेजी से गिर रहा था और गर्भस्थ शिशु की धड़कन भी कम होने लगी थी। स्थिति गंभीर होने के कारण मां और बच्चे दोनों की जान खतरे में थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश राजपूत ने परिजनों की सहमति से रात ठीक 12 बजे आपातकालीन ऑपरेशन शुरू किया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने तत्परता से उपचार किया। आखिरकार ऑपरेशन सफल रहा और अंजलि ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। मां और नवजात बच्ची दोनों सुरक्षित हैं।
अस्पताल में मनाया तीन साल के बच्चे का जन्मदिन
दीपावली के दिन गुना जिला अस्पताल में एक और खास पल देखने को मिला। पड़ोसी जिले अशोकनगर की शाढ़ौरा तहसील निवासी वैभव जैन की पत्नी का दूसरा प्रसव जिला अस्पताल में हुआ। इस वजह से वैभव अपने परिवार के साथ अस्पताल में ही मौजूद थे। संयोग से वैभव के पहले बेटे का जन्मदिन भी तीन साल पहले दीपावली के दिन ही हुआ था। परिवार अस्पताल में होने के कारण बच्चे का जन्मदिन घर की तरह नहीं मना पा रहा था। यह बात समझते हुए डॉ. सतीश राजपूत और उनकी टीम ने अस्पताल में ही जन्मदिन मनाने की पहल की। केक काटा गया और मिठाइयां बांटकर बच्चे के साथ खुशियां साझा की गईं। डॉक्टरों की इस पहल से मेटरनिटी वार्ड में कुछ देर के लिए उत्सव जैसा माहौल बन गया। वैभव और उनके परिवार ने इस आत्मीय पहल के लिए डॉक्टरों और उनकी टीम का आभार जताया।
प्रसूताओं और नवजात शिशुओं को बांटे नए कपड़े और मिठाइयां
दीपावली पर जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में कई महिलाएं प्रसव और उपचार के चलते अपने घर नहीं जा सकीं। त्योहार पर घर से दूर रह रही इन महिलाओं की खुशियों में शामिल होने के लिए डॉ. सतीश राजपूत ने विशेष पहल की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती प्रसूता माताओं और उनके नवजात शिशुओं को नए कपड़े और मिठाइयां वितरित कीं। इस पहल में समाजसेवी शुभम जैन और अरविंद ने भी सहयोग किया। त्योहार के मौके पर उपहार और अपनापन पाकर महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान आ गई। अस्पताल के वार्ड में दीपावली का उत्साह और खुशियों का माहौल देखने को मिला।
डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने त्योहार पर भी निभाई जिम्मेदारी
इस पूरे आयोजन और आपातकालीन उपचार में डॉ. सतीश राजपूत के साथ डॉ. रुचि राणा, डॉ. कमल, नर्सिंग ऑफिसर शिल्पा, सोनिया, पूनम, रीता, सोनम और वार्ड बॉय सुमन व सोनू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम ने दीपावली के दिन भी मरीजों की देखभाल और उपचार को प्राथमिकता दी।




















