सीहोर में जनजातीय गौरव दिवस पर दिखा उत्साह, ढोल-मांदल की थाप पर थिरके युवा

सीहोर। पीजी कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली इतिहास को याद किया गया। वहीं, भव्य रैली के जरिए जनजातीय समाज ने अपनी सांस्कृतिक एकता और परंपराओं की जीवंत तस्वीर पेश की।
पीजी कॉलेज में हुआ जिला स्तरीय आयोजन
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सीहोर के पीजी कॉलेज में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेंद्र मेवाड़ा और जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सूर्य सिंह बारेला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान धार जिले के डही में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना गया।
ये भी पढ़ें: जनजातीय गौरव दिवस: प्रधानमंत्री मोदी बोले- 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले, नक्सलवाद का खात्मा बड़ी उपलब्धि
अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष और जनजातीय अधिकारों की गूंज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, स्वाभिमान और संघर्ष की मिसाल है। उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद कर जनजातीय समाज को एकजुट किया और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाया। वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदायों के अधिकारों तथा उनकी सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा का संघर्ष भारतीय इतिहास में अमिट स्थान रखता है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपने सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा करने की प्रेरणा देता रहेगा।
गीत-संगीत और नृत्य से जीवंत हुई जनजातीय संस्कृति
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कलाकारों ने जनजातीय समाज की समृद्ध लोककला, पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक प्रस्तुत की। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को जनजातीय परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराया। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
ढोल-मांदल की थाप पर निकली रैली
जनजातीय गौरव दिवस का उत्साह रैली में भी पूरी ताकत के साथ दिखाई दिया। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल जनजातीय समाज के लोगों ने ढोल-मांदल की थाप पर नृत्य करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जयकारे लगाए। रैली के दौरान नगर में जनजातीय गौरव, एकता और सांस्कृतिक स्वाभिमान का संदेश गूंजता रहा। रैली ने जनजातीय समाज की जीवंत परंपराओं और अपने महान नायकों के प्रति सम्मान को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
रोजगार योजना के हितग्राहियों को बांटे स्वीकृति पत्र और चेक
कार्यक्रम के समापन अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा रोजगार योजना के अंतर्गत बैंकों द्वारा स्वीकृत प्रकरणों के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र और चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर अनुसूचित जाति-जनजाति कार्य विभाग के जिला संयोजक अरविंद कुमार कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




















