Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर के बाराखंबा मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, पशुपतिनाथ को चढ़ाया दूध; घंटों जाम में फंसे श्रद्धालु

सीहोर के देवपुरा स्थित बाराखंबा मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने पशुओं की सलामती के लिए भगवान पशुपतिनाथ को दूध अर्पित किया। भारी भीड़ के बीच यातायात अव्यवस्था से लोग परेशान हुए।
सीहोर के बाराखंबा मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, पशुपतिनाथ को चढ़ाया दूध; घंटों जाम में फंसे श्रद्धालु
पशुपालकों का अटूट विश्वास, हर साल पहुंचते हैं श्रद्धालु

सीहोर। दीपावली के दूसरे दिन इछावर तहसील के देवपुरा स्थित बाराखंबा मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पशुओं की सलामती, बेहतर स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना लेकर पहुंचे किसानों और पशुपालकों ने भगवान पशुपतिनाथ की देवशिला पर दूध अर्पित किया। वर्षों पुरानी परंपरा के तहत सुबह से ही दूध चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर के पीछे दूध की धारा बहती नजर आई। हालांकि धार्मिक आयोजन में उमड़ी भारी भीड़ के बीच यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल भी उठे। श्रद्धालुओं को कई घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

पशुओं की सलामती के लिए दूध चढ़ाने पहुंचे हजारों किसान

इछावर तहसील से करीब 15 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत खेरी के देवपुरा स्थित बाराखंबा मंदिर में दीपावली के दूसरे दिन पड़वा पर पारंपरिक मेला आयोजित किया जाता है। इसमें सीहोर जिले के अलावा मध्यप्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पशुपालक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यता है कि भगवान पशुपतिनाथ की देवशिला पर अपने दुधारू पशुओं का दूध अर्पित करने से वे सालभर निरोगी रहते हैं। इसी विश्वास के साथ किसान अपनी गायों और भैंसों का दूध भगवान को समर्पित करते हैं। पशुपालकों के लिए यह आयोजन पशुधन की सुरक्षा और समृद्धि की कामना से जुड़ा है।

मंदिर के पीछे बहने लगी दूध की धारा

मेले में सुबह से ही श्रद्धालु दूध लेकर मंदिर पहुंचने लगे। देखते ही देखते दूध अर्पित करने वालों की कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में लोगों द्वारा चढ़ाया गया दूध मंदिर के पीछे बने निकास से बहने लगा और देखते ही देखते नहर जैसी धारा दिखाई देने लगी। श्रद्धालु इसे आस्था और प्रसाद से जोड़कर देखते हैं।

बारह शिला स्तंभों से जुड़ा है बाराखंबा नाम

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार देवपुरा में बारह शिला स्तंभों के नीचे देवशिला स्थापित थी। इसी वजह से इस स्थान का नाम बाराखंबा पड़ा। क्षेत्र में प्रचलित लोककथा के मुताबिक एक किसान के पशु लगातार बीमार पड़ रहे थे। जंगल में मिले एक ग्वाले ने उसे पड़वा के दिन देवशिला पर दूध चढ़ाने की सलाह दी। इसके बाद पशुओं के स्वस्थ रहने की मान्यता प्रचलित हुई और धीरे-धीरे यह परंपरा एक बड़े मेले का रूप ले गई।

पशुपालकों का वर्षों पुराना विश्वास

इछावर के पशुपालक राजेंद्र वर्मा ने बताया कि वह हर साल अपने पशुओं की सलामती की कामना लेकर बाराखंबा मंदिर पहुंचते हैं। इस बार भी उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ को दूध अर्पित कर पशुधन के स्वस्थ रहने की प्रार्थना की। किसान कैलाश विश्वकर्मा और रामेश्वर राठौर ने भी बताया कि वे वर्षों से इस परंपरा का पालन कर रहे हैं। क्षेत्र में यह मान्यता भी प्रचलित है कि पशु के बीमार होने पर बाराखंबा देव के नाम से धागा बांधने और पूजा करने से उसे स्वास्थ्य लाभ मिलता है।

भारी भीड़ के बीच घंटों जाम में फंसे श्रद्धालु

मेले में आस्था का सैलाब तो उमड़ा लेकिन यातायात व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों के मुताबिक, मेले तक पहुंचने और वापस लौटने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगह वाहन घंटों तक रेंगते रहे। श्रद्धालुओं का आरोप है कि यातायात संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल नजर नहीं आया। जाम के कारण छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी परेशानी हुई। दर्शन करने पहुंचे जगदीश मालवीय ने बताया कि मौके पर पुलिस और प्रशासन के कर्मचारी दिखाई नहीं दिए। वाहनों की लंबी कतारों के कारण कई लोगों को मुख्य मार्ग छोड़कर खेतों के रास्ते से अपने वाहन निकालने पड़े।

बैठक और निरीक्षण के बाद भी व्यवस्थाओं पर सवाल

मेले से पहले कलेक्टर बालागुरू के. ने अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की थी। उन्होंने झूलों की सुरक्षा जांच, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए थे। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को भी कहा गया था। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया था। इसके बावजूद आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को जाम और अव्यवस्थाओं से जूझना पड़ा। ऐसे में प्रशासन की तैयारियों और जमीनी व्यवस्था के बीच अंतर को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सीहोर में गोवर्धन पर्व पर गौमाता की पूजा, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने दो पशुपालकों को किया सम्मानित

धार्मिक आयोजन के साथ बेहतर व्यवस्था की भी जरूरत

बाराखंबा मेला सीहोर जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पशुधन के स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना से जुड़ी यह परंपरा हर साल हजारों लोगों को एकजुट करती है। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने पर यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा और आपातकालीन प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था भी जरूरी है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts