छिंदवाड़ा: बेसमेंट में चल रही आरोग्य पैथोलॉजी, मरीज परेशान

छिंदवाड़ा। बेसमेंट में स्थित होने के कारण गंभीर रूप से बीमार मरीजों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं को सीढ़ियां उतरने और चढ़ने में काफी कठिनाई होती है। स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से पैथोलॉजी की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी अर्चना कैथवास ने जानकारी मिलने पर टीम भेजकर जांच और कार्रवाई की बात कही है।
बेसमेंट में पैथोलॉजी संचालन से मरीज परेशान
परासिया रोड पर आरोग्य पैथोलॉजी बेसमेंट में संचालित की जा रही है। बेसमेंट में पर्याप्त वेंटिलेशन और सुलभ आवाजाही के लिए रैंप या लिफ्ट की उचित व्यवस्था न होने से संक्रमण और दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। गंभीर रूप से बीमार मरीजों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं को सीढ़ियां उतरने और चढ़ने में काफी कठिनाई होती है।
ये भी पढ़ें: अंबाला में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरी, 2 की मौत; कई मजदूर मलबे में फंसे, रेस्क्यू जारी
नियमों की अनदेखी का लगाया जा रहा आरोप
क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट और नगर निगम के भवन निर्माण नियमों के तहत मरीजों की सुलभ पहुंच अनिवार्य है, लेकिन आरोग्य पैथोलॉजी में इन नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाए जाने का आरोप है। स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि नियमों और मानक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच होना बेहद जरूरी है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
पार्किंग की जगह पर संचालन की अनुमति पर भी सवाल
लापरवाही और मानक नियमों के विपरीत आरोग्य पैथोलॉजी का संचालन किए जाने की बात कही जा रही है। पार्किंग की जगह पर पैथोलॉजी का संचालन करने की अनुमति प्रदान करने वाले अधिकारियों पर सबसे पहले कार्रवाई की मांग की गई है, क्योंकि यह मामला मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी के कार्य क्षेत्र में आता है। अगर आरोग्य पैथोलॉजी को मान्यता दी गई है तो इसकी संपूर्ण जांच करना बेहद जरूरी बताया जा रहा है।
डॉक्टर की मौजूदगी भी जांच का विषय
जांच का एक मुख्य बिंदु यह भी बताया जा रहा है कि यहां पर जितने भी कर्मचारी काम कर रहे हैं, उसमें से बहुत सारे कर्मचारी पर्याप्त योग्यता धारी नहीं हैं। आरोप है कि यहां तक कि यहां पर डॉक्टर भी उपलब्ध नहीं हैं और बिना एक्सपर्ट के, बिना एमडी डॉक्टर के व्यवस्थाओं का संचालन किया जा रहा है, जो स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल है।
जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन
स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रही इस पैथोलॉजी की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी छिंदवाड़ा अर्चना कैथवास ने कहा, आपके द्वारा जानकारी प्राप्त हुई है। अगर पैथोलॉजी लैब बेसमेंट में चल रही है तो टीम को पहुंच कर जांच की जाएगी और कार्रवाई भी की जाएगी।




















