नई बिल्डिंग तैयार, फिर भी पढ़ाई अधूरी! अमरवाड़ा कॉलेज में PG कोर्स और स्टाफ बढ़ाने की मांग

छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालय में करीब 2300 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। कॉलेज में नई इमारत तैयार हो चुकी है, लेकिन विद्यार्थियों को विषयों और प्रोफेसरों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय में नए स्नातकोत्तर विषय शुरू करने के साथ आवश्यक पदों को स्वीकृत करने की मांग की है।
करीब 40 साल से संचालित है कॉलेज
अमरवाड़ा का यह महाविद्यालय करीब 40 वर्षों से संचालित है। शुरुआती 25 से 30 वर्षों तक कॉलेज की कक्षाएं निजी भवन में संचालित होती रहीं। अब महाविद्यालय के लिए नई इमारत तैयार हो चुकी है, लेकिन विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में विषय और शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की समस्या बनी हुई है।
PG में सिर्फ राजनीतिक विज्ञान की पढ़ाई
महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर फिलहाल कला संकाय में राजनीतिक विज्ञान विषय की पढ़ाई होती है। लंबे समय से क्षेत्र के विद्यार्थी और अभिभावक अन्य विषयों में भी PG कक्षाएं शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
विद्यार्थियों की मांग है कि स्नातकोत्तर स्तर पर इतिहास, समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र की कक्षाएं भी शुरू की जाएं। इसके अलावा M.Sc. में गणित, रसायन विज्ञान, प्राणी विज्ञान और वनस्पति विज्ञान जैसे विषय शुरू करने की भी आवश्यकता बताई गई है।
शिक्षकों और प्रयोगशाला स्टाफ की मांग
छात्रों की मांग है कि नए PG विषय शुरू करने के साथ प्रत्येक विषय में आवश्यक संख्या में सहायक प्राध्यापकों के पद भी स्वीकृत किए जाएं। M.Sc. विषयों के लिए प्रयोगशाला तकनीशियन और प्रयोगशाला परिचारक के पद स्वीकृत करने की मांग भी उच्च शिक्षा विभाग से लंबे समय से की जा रही है।
स्नातक स्तर पर भी पद बढ़ाने की मांग
विद्यार्थियों का कहना है कि महाविद्यालय में संचालित स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले छात्रों की संख्या को देखते हुए शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के पदों में वृद्धि जरूरी है। छात्रों ने विशेष रूप से हिंदी और हिंदी साहित्य के तीन पद, इतिहास के एक पद और ग्रंथालय के लिए एक पद स्वीकृत करने की मांग रखी है।
विद्यार्थी परिषद ने CM से की मांग
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व महाविद्यालय अध्यक्ष नीरज नेमा, कपिल वैश्य, सौरभ जैन सहित वर्तमान विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने मध्यप्रदेश शासन और मुख्यमंत्री से मांग की है कि विद्यार्थियों की जरूरतों को देखते हुए महाविद्यालय में नए विषय और आवश्यक पद स्वीकृत किए जाएं।
छात्रों का कहना है कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पर्याप्त शिक्षक, विषय और प्रयोगशाला सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
चुनाव से पहले मांग पूरी होने की उम्मीद
विद्यार्थियों ने इस वर्ष होने वाले महाविद्यालयीन चुनाव को देखते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया है। उनका कहना है कि छात्रों की वर्षों पुरानी अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में शासन को जल्द निर्णय लेना चाहिए, ताकि अमरवाड़ा के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।












