छिंदवाड़ा के अजनिया में जंगली सूअरों का आतंक, मक्का-मूंगफली की फसलें बर्बाद होने से किसान चिंतित

छिंदवाड़ा। जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 16 महात्मा गांधी वार्ड अंतर्गत अजनिया क्षेत्र में इन दिनों जंगली सूअरों के झुंड किसानों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। जंगली सूअर दिन और रात खेतों में पहुंचकर मक्का और मूंगफली की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों का कहना है कि फसल अभी पूरी तरह तैयार भी नहीं हुई है, लेकिन लगातार हो रहे हमले से खेतों में काफी नुकसान हो चुका है।
मक्के की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान
किसान पुरुषोत्तम यदुवंशी के मुताबिक पिछले 8 से 10 दिनों से जंगली सूअरों का आतंक बना हुआ है। उन्होंने बताया कि खेत में लगी मक्के की फसल को सूअरों ने बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है। स्थिति यह है कि मक्के में अभी भुट्टे भी पूरी तरह विकसित नहीं हुए हैं, इसके बावजूद जंगली सूअरों के झुंड लगातार खेतों में पहुंच रहे हैं। किसान ने इसकी सूचना राजस्व और वन विभाग को फोन के माध्यम से दी है।
ये भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ में 320 भारतीय लापता: 21 लोग सुरक्षित दिल्ली लौटे, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
मूंगफली की फसल भी चपेट में
अजनिया क्षेत्र के ही किसान अजय चौधरी के खेत में लगी मूंगफली की फसल को भी जंगली सूअरों ने नुकसान पहुंचाया है। लगातार फसल बर्बाद होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि उन्होंने खेती में मेहनत और पैसा लगाया है, लेकिन यदि इसी तरह जंगली सूअरों का आतंक जारी रहा तो तैयार होने से पहले ही पूरी फसल खराब होने का खतरा है।
वन विभाग करेगा खेतों का निरीक्षण
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि अजनिया निवासी किसान पुरुषोत्तम यदुवंशी ने फोन पर जंगली सूअरों से फसल को हो रहे नुकसान की जानकारी दी थी। रक्षाबंधन के अवकाश के कारण तत्काल मौके पर निरीक्षण नहीं हो सका। अधिकारी के अनुसार अगले दिन राजस्व विभाग की टीम के साथ खेतों का निरीक्षण किया जाएगा। किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराने और नियमानुसार उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि फसल नुकसान से उन्हें राहत मिल सके।
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर बच्चों संग दिखा PM मोदी का खास अंदाज, राजनाथ सिंह ने बंधवाई राखी, राष्ट्रपति मुर्मू ने भी दिया संदेश




















