Chhattisgarh News : बिलासपुर के बाजार में लगी भीषण आग, 20 से ज्यादा दुकानें जलकर राख, 50-60 लाख का नुकसान

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के शनिचरी बाजार में बुधवार तड़के करीब 2:30 बजे भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत दुकान नंबर 5 और 6 से हुई और तेजी से आसपास की दुकानों में फैल गई। इस हादसे में करीब 22 दुकानें जलकर राख हो गईं, जिनमें तेल, कॉस्मेटिक, किराना, हार्डवेयर, कपड़े और फैंसी आइटम्स की दुकानें शामिल थीं।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बाजार की संकरी गलियों के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुरुआत में दो दमकल वाहनों से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन मंगाए गए। करीब 3-4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।





















