Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बीजापुर में नक्सलियों का कहर, भरे बाजार में आरक्षक पर कुल्हाड़ी से हमला, हालत गंभीर; जून महीने में अब तक 7 हत्याएं

बीजापुर में नक्सलियों का कहर, भरे बाजार में आरक्षक पर कुल्हाड़ी से हमला, हालत गंभीर; जून महीने में अब तक 7 हत्याएं

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर से आतंक मचाया है। इस बार नक्सलियों ने भरे बाजार में एक पुलिस आरक्षक पर जानलेवा हमला किया। घटना बीजापुर के पदेड़ा गांव की है, जहां आरक्षक संतु पोटाम पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया।

बताया जा रहा है कि संतु पोटाम बाजार में किसी निजी काम से पहुंचे थे। इसी दौरान नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम भी बाजार में मौजूद थी। मौका पाकर उन्होंने आरक्षक के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले के बाद बाजार में भगदड़ मच गई और नक्सली जंगल की ओर भाग निकले।

आरक्षक की हालत गंभीर

हमले में घायल संतु पोटाम की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया। बीजापुर पुलिस ने हमले की पुष्टि की है और मामले की जांच जारी है।

जून में नक्सलियों ने फैलाई दहशत – अब तक 7 हत्याएं

  • 8 जून : पूवर्ती गांव में एक ग्रामीण की हत्या
  • 9 जून : कोंटा में IED ब्लास्ट, ASP शहीद
  • 17 जून : पेद्दाकोरमा गांव में 3 ग्रामीणों की हत्या (एक नाबालिग भी शामिल)
  • 22 जून : सेंड्राबोर गांव में दो ग्रामीणों को मौत के घाट उतारा
  • 23 जून : पदेड़ा में आरक्षक पर हमला

क्या होती है नक्सलियों की ‘स्मॉल एक्शन टीम’?

नक्सलियों की ‘स्मॉल एक्शन टीम’ एक खास टुकड़ी होती है, जो बड़े नक्सली नेताओं के निर्देशों पर गांवों में आतंक फैलाने का काम करती है। इस टीम के सदस्य हत्या, रैकी, IED ब्लास्ट, पुलिस पर हमला और बड़े नेताओं के लिए राशन जुटाने जैसे काम करते हैं। ये टीम बेहद प्रशिक्षित और खतरनाक होती है।

पुलिस अलर्ट पर, जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी

बीजापुर में हुए इस हमले के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सुरक्षा बल नक्सलियों की तलाश में जंगलों की खाक छान रहे हैं। हालांकि नक्सलियों को पकड़ने में अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

यह हमला एक बार फिर दिखाता है कि नक्सली अब भी ग्रामीण इलाकों में अपनी पकड़ बनाए हुए हैं और आम नागरिकों से लेकर सुरक्षाकर्मियों तक को निशाना बना रहे हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts