कॉमेडियन कुणाल कामरा की कॉमेडी से बवाल, CM फडणवीस बोले- एकनाथ शिंदे का अपमान करने के लिए माफी मांगे

मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कुणाल कामरा की कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर पैदा हुए विवाद के बीच मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन' ने अपनी टिप्पणी से शिंदे का अपमान किया है और उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
शिवसेना के 40 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज
फडणवीस ने राज्य विधानमंडल परिसर में पत्रकारों से कहा कि कामरा का यह कृत्य निंदनीय है। मुंबई पुलिस ने एक कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने पर ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन' कुणाल कामरा के खिलाफ सोमवार को एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने मुंबई के खार इलाके में स्थित ‘हैबिटेट स्टूडियो' में कथित रूप से तोड़फोड़ करने को लेकर शिवसेना के करीब 40 कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुंबई में खार इलाके के उस ‘हैबिटेट कॉमेडी क्लब' में कथित रूप से तोड़फोड़ की थी, जहां कामरा का कार्यक्रम शूट किया गया था।क्या है मामला?
मुंबई के खार स्थित 'हैबिटेट स्टूडियो' में एक शो के दौरान कुणाल कामरा ने शिंदे को "गद्दार" कहकर कटाक्ष किया था। उन्होंने उद्धव ठाकरे के खिलाफ 2022 में शिंदे की बगावत का जिक्र करते हुए फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक गीत का संशोधित वर्जन गाया।





















