भोपाल के शाहपुरा तालाब में बना 50 मीटर का अवैध रास्ता टूटेगा, NGT ने दिया आदेश

भोपाल। शाहपुरा तालाब के जल क्षेत्र में मिट्टी भरकर बनाए गए करीब 50 मीटर लंबे अवैध रास्ते को तोड़ा जाएगा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की सेंट्रल जोन बेंच ने इसे तत्काल हटाने का आदेश दिया है। अधिकरण ने भोपाल कलेक्टर और राज्य वेटलैंड प्राधिकरण को तालाब का सीमांकन और मापन कराने के निर्देश भी दिए हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के सभी वेटलैंड और जल निकायों के संरक्षण के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश न्यायमूर्ति शिव कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य डॉ. प्रशांत गर्ग की पीठ ने नितिन सक्सेना विरुद्ध मध्य प्रदेश राज्य वेटलैंड प्राधिकरण एवं अन्य मामले की सुनवाई के दौरान पारित किया। अधिकरण ने राज्य के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर मैदानी स्तर के अधिकारियों तक की जिम्मेदारी तय की है।
अवैध रास्ता तोड़कर हटाई जाएगी निर्माण सामग्री
NGT ने शाहपुरा तालाब के जल क्षेत्र को भरकर बनाए गए करीब 50 मीटर लंबे रास्ते को तत्काल ध्वस्त करने का निर्देश दिया है। रास्ता तोड़ने के बाद वहां से निकली निर्माण सामग्री को 50 मीटर की सीमा से बाहर ले जाकर या निर्धारित लैंडफिल साइट पर निस्तारित करना होगा। अधिकरण ने भोपाल कलेक्टर और राज्य वेटलैंड प्राधिकरण को तालाब क्षेत्र का सीमांकन और मापन कराने के लिए कहा है। जांच में अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करनी होगी।
पूरे प्रदेश के वेटलैंड का होगा वैज्ञानिक सीमांकन
अधिकरण ने मध्य प्रदेश राज्य वेटलैंड प्राधिकरण और मुख्य सचिव को सुप्रीम कोर्ट के 12 अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुरूप वेटलैंड का वैज्ञानिक तरीके से ग्राउंड ट्रुथिंग और सीमांकन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में 2.25 हेक्टेयर से कम क्षेत्रफल वाले वेटलैंड और जल निकायों की भी पहचान की जाएगी। जिला कलेक्टरों के माध्यम से इनका सीमांकन कराया जाएगा, ताकि छोटे जलस्रोत भी संरक्षण के दायरे में आ सकें।
GIS और सैटेलाइट नक्शों से तय होगी जलस्रोतों की सीमा
जल निकायों की वास्तविक सीमा निर्धारित करने के लिए डिजिटल प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके तहत GIS विशेषज्ञ सैटेलाइट नक्शों को गांव के डिजिटाइज्ड कैडस्ट्रल यानी खसरा नक्शों के साथ 300 मीटर के बफर जोन में मिलाकर जांच करेंगे। इसके बाद तहसीलदार और संयुक्त निरीक्षण दल राजस्व रिकॉर्ड, खसरा, नक्शों और अधिकतम सामान्य मानसूनी जलभराव वाले क्षेत्र का मिलान करेंगे। इसमें 15 या उससे अधिक दिनों तक जलमग्न रहने वाले क्षेत्र को भी ध्यान में रखा जाएगा। इस प्रक्रिया से वेटलैंड की वास्तविक सीमा निर्धारित की जाएगी।
जलस्रोतों के चारों ओर होगी तारबंदी और पौधारोपण
NGT ने सीमांकन के बाद जल निकायों और वेटलैंड को अतिक्रमण से बचाने के लिए तारबंदी, सीमा स्तंभ लगाने और चारों ओर सघन पौधारोपण करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य जलस्रोतों की सीमाओं को स्पष्ट करना और भविष्य में होने वाले अतिक्रमण को रोकना है।
भोपाल के अचारपुरा तालाब का असली रकबा रिकॉर्ड से गायब, NGT ने कलेक्टर और वन अधिकारी को किया तलब
अधिकारियों को कार्रवाई रिपोर्ट और शपथपत्र देना होगा
अधिकरण ने मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राज्य वेटलैंड प्राधिकरण और भोपाल नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई कर एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित एसडीएम को व्यक्तिगत शपथपत्र भी देना होगा। इसमें स्पष्ट करना होगा कि तालाब के फुल टैंक लेवल (FTL) से 33 मीटर के क्षेत्र और प्रतिबंधित क्षेत्र में कोई अतिक्रमण नहीं है। साथ ही यह भी बताना होगा कि झील में बिना उपचारित गंदे पानी का प्रवाह नहीं हो रहा है।




















