हरदा : घर के आंगन में मिला कॉलेज छात्रा का जला हुआ शव

हरदा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम कांकरिया में सोमवार शाम को एक कॉलेज छात्रा का जला हुआ शव उसके घर के आंगन में मिलने से गांव में सन्नाटा पसर गया। घटना के वक्त घर पर कोई नही था। पड़ोसियों ने आग की लपटे देख परिजनों को खबर की। जिन्होंने घर आकर देखा तो आंगन में बेटी का जला हुआ शव मिला। सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
परिजनों का आरोप-युवक कर रहा था परेशान
सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान लक्ष्मी पिता कड़वा ठाकरे के रूप में हुई है, जो इसी वर्ष 12वी पास कर सरकारी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। पूछताछ में मालूम हुआ कि घटना के वक्त मृतका के पिता गैस सिलेंडर लेने हरदा गए थे। जबकि मां और बड़ी बहन मजदूरी करने गई थीं। वहीं, छोटा भाई स्कूल गया हुआ था। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पास के गांव का एक युवक उसे बार-बार फोन करके परेशान कर रहा था, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया। मामले में पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्य, एफएसएल एवं पोस्टमार्टम की रिपोर्ट तथा परिजनों के बयानों के आधार पर गहन जांच में जुट गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है।












