Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मेक्रोविजन स्कूल में 11वीं की छात्रा की कार्डियक अरेस्ट से मौत: प्रोफेसर पिता बोले- प्रबंधन ने लापरवाही बरती, संचालक का जवाब- कोई लापरवाही नहीं की

Follow on Google News
मेक्रोविजन स्कूल में 11वीं की छात्रा की कार्डियक अरेस्ट से मौत: प्रोफेसर पिता बोले- प्रबंधन ने लापरवाही बरती, संचालक का जवाब- कोई लापरवाही नहीं की
बुरहानपुर। बुरहानपुर के एक स्कूल परिसर में 11वीं की छात्रा को कार्डियक अरेस्ट आ गया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने छात्रा के बीमार होने की जानकारी सही तरीके से नहीं दी। वहीं, स्कूल संचालक का कहना है कि किसी तरह की लापरवाही नहीं की गई। घटना मंगलवार रात की है। छात्रा स्कूल परिसर में हॉस्टल में रहती थी। लालबाग थाना पुलिस ने बुधवार सुबह जिला अस्पताल में छात्रा के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। जानकारी के मुताबिक छात्रा यशस्वी (17) सेंधवा की रहने वाली थी। उसके पिता डॉ. लोहार ब्राम्हणे पीजी कॉलेज झाबुआ में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। डॉ. लोहार ब्राम्हणे ने बताया कि 28 मार्च को बेटी का एडमिशन मेक्रो विजन एकेडमी में कराया था। वह डॉक्टर बनना चाहती थी। हम उसे तैयारी के लिए छोड़कर गए थे। कल शाम 5 बजे उससे बात हुई तो उसने कहा बुखार है। हॉस्टल वार्डन के साथ जा रही हूं।

पिता बोले- वार्डन और स्कूल संचालक ने सही जानकारी नहीं दी

डॉ. लोहार ब्राम्हणे का कहना है कि डॉक्टर से बात हुई तो उन्होंने कहा, आपकी बच्ची का बीपी लो हो रहा है। एंजियोग्राफी करानी पड़ेगी। हमने कहा, अच्छे से इलाज कराओ। बाद में स्कूल प्रबंधन ने कहा, आप जल्दी आ जाओ। आपकी बच्ची की तबीयत बिगड़ रही है। इससे पहले हमें कभी नहीं बताया कि बेटी की तबीयत ज्यादा खराब है। स्कूल नहीं जा रही, हॉस्टल में रह रही है। हॉस्टल वार्डन और स्कूल संचालक ने सही जानकारी नहीं दी। या तो डॉक्टर ने हाई डोज दे दिया है, इसलिए हम पोस्टमॉर्टम कराने को तैयार हुए। एडमिशन के समय प्रबंधन ने कहा था, अगर आपका बच्चा बीमार होगा तो बुलाएंगे, लेकिन कभी भी स्कूल संचालक ने फोन नहीं लगाया। आखिरी समय तक बोलते रहे कि आपकी बच्ची बहुत अच्छी है। आपको आने की जरूरत नहीं है। एकेडमी संचालक आनंद प्रकाश चौकसे ने कहा- यशस्वी ने कल शाम 4 बजे कहा कि सीने में दर्द हो रहा है। ईसीजी करने के बाद पता चला सीवियर अटैक है। इसकी जानकारी उनके फैमिली डॉक्टर को दी थी। उनसे वाट्सएप पर इजाजत ली। एंजियोग्राफी कराई तो रिपोर्ट में कुछ नहीं निकला। यशस्वी को आईसीयू में जाते समय सीवियर अटैक आया। 4 घंटे तक डॉक्टरों ने मेहनत की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। हमने पुलिस को पहले ही खबर कर दी थी। आनंद प्रकाश ने कहा, हमारे यहां हर चीज रिकॉर्ड होती है। हॉस्टल से कब निकली। स्कूल में कब आई। पैरेंट्स से कितनी बात की। हजार कैमरे लगे हैं। हर चीच की रिकार्डिंग हो रही है। लापरवाही नहीं है, लेकिन घटना दुखद है।

टीआई बोले- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है

लालबाग थाना प्रभारी अमित सिंह जादौन ने कहा, मेक्रो विजन एकेडमी में कल एक छात्रा की मौत हुई। उसका पोस्टमॉर्टम आज कराया गया। पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। अभी कुछ पता नहीं है। परिजन से भी अभी चर्चा नहीं हुई। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

कार्डियक अरेस्ट से हुई मौतः डॉक्टर

ऑल इज वेल अस्पताल के डॉ. गगन के अनुसार छात्रा को दो-चार दिन से फीवर था। ईसीजी में हार्ट अटैक था जो नॉर्मली बच्चों को इस उम्र में नहीं आता। हार्ट की पंपिंग कम थी। पेरेंट्स को इसकी सूचना दी थी। उनके डॉक्टर को सूचना दी। उसे कॉर्डियक अरेस्ट हुआ। बीपी कम हुआ, तब हमने सीपीआर शुरू किया। धीरे-धीरे पेशेंट का बीपी बहुत कम होता चला गया। बचाने के लिए बड़ी मशक्कत की। उम्मीद की कि वो ठीक हो जाए। https://twitter.com/psamachar1/status/1783060568674329072 (इनपुट - संजय दुबे) ये भी पढ़ें- पेड़ से टकराई श्रद्धालुओं की कार, 7 माह के मासूम की मौत, ओंकारेश्वर दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था परिवार
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts