
काठमांडू। नेपाल में लगातार बारिश के कारण आई बाढ़ से 39 लोगों की मौत हो गई। नेपाल के कई हिस्से शुक्रवार से हो रही बारिश से जलमग्न हो गए हैं, जिसके कारण आपदा अधिकारियों ने अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, काठमांडू में 9, ललितपुर में 16, भक्तपुर में 5, कावरेपालनचोक में 3, पंचथर और धनकुटा में 2-2, झापा और धाडिंग में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। बाढ़ में कुल 11 लोग लापता हैं। पुलिस ने बताया कि काठमांडू में 226 मकान जलमग्न हो गए हैं और प्रभावित इलाकों में नेपाल पुलिस की ओर से लगभग तीन हजार सुरक्षाकर्मियों की बचाव टीम तैनात की गई है।
आज की अन्य खबरें….
हरियाणा के सोनीपत में पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 3 लोगों की झुलसने से मौत
हरियाणा के सोनीपत जिले के एक गांव में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से तीन लोगों की झुलसने से मौत हो गई है। इसमें गांव की एक महिला, एक बच्चा और एक अन्य महिला शामिल हैं। ब्लास्ट से पटाखे बनाए जा रहे पास का मकान भी ढह गया। जिससे 10-12 मजदूर मलबे में दब गए और 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। मकान मालिक वेदप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र और फ्लोरिडा में ‘हेलेन’ तूफान से तबाही, 44 लोगों की मौत
पेरी। अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र और फ्लोरिडा में ‘हेलेन’ तूफान के कारण आई बाढ़ और इससे जुड़ी घटनाओं में 44 लोगों की मौत हो गई है। ‘हेलेन’ तूफान ने क्षेत्र में व्यापक तबाही मचाई है। इससे कई पेड़ उखड़ गए हैं और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। तूफान के कारण एक मकान पर पेड़ गिर जाने के कारण वहां रह रही एक महिला, उसके एक महीने के जुड़वां बच्चे और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है। घटनास्थल पर राहत-बचाव अभियान के दौरान तीन अग्निशमन कर्मियों की भी मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तूफान ‘हेलेन’ के कारण दक्षिणी जॉर्जिया के कुछ अस्पतालों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। फ्लोरिडा के बिग बेंड गांव में बृहस्पतिवार देर रात ‘हेलेन’ तूफान ने दस्तक दी थी। उस दौरान तूफान की अधिकतम रफ्तार 225 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तूफान के कारण 15 से 26 अरब अमेरिकी डॉलर की संपत्ति के नुकसान की आशंका है।
One Comment