कानपुर में पेड़ पर लटके मिले दो नाबालिग लड़कियों के शव : ठेकेदार के मोबाइल में मिला उनका वीडियो, परिजनों ने लगाया गैंगरेप का आरोप; FIR दर्ज, 3 गिरफ्तार

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कानपुर जिले में कोतवाली क्षेत्र के बरौली स्थित ईंट-भट्ठे में बुधवार देर रात दो नाबालिग लड़कियों के शव पेड़ पर फंदे से लटके मिले। परिजनों ने भट्ठा ठेकेदार समेत 3 लोगों पर रेप के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है। ठेकेदार के मोबाइल से कुछ अश्लील वीडियो भी मिले हैं। जिसमें दोनों लड़कियों को देखा जा सकता है। पुलिस ने ठेकेदार समेत 3 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
खेलने निकलीं, फिर नहीं आईं घर वापिस
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, मामला कानपुर के घाटमपुर के बरौली इलाके का है। दोनों लड़कियों के परिवार मूलरूप से हमीरपुर के रहने वाले हैं। वो घाटमपुर के बरौली में LIC भट्टे पर मजदूरी का काम करते हैं। एक बहन 16 साल की, जबकि दूसरी की उम्र 14 साल बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम दोनों घर से बाहर खेलने निकलीं थीं। लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार के लोगों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया।
पेड़ पर लटके मिले लड़कियों के शव
दोनों रिश्ते में बहनें लगतीं थीं। एक लड़की के पिता भट्ठा पर काम करते थे। इसलिए उन्हें ढूंढते हुए परिवार के लोग भट्ठा की तरफ पहुंचे। रात में करीब 12 बजे यहां खेत में बेर के पेड़ पर दोनों के शव लटके मिले। शव देखकर हड़कंप मच गया। परिवार ने दोनों को नीचे उतारा और फिर पुलिस को इसकी जानकारी दी।कपड़े और शरीर पर लगी मिट्टी के लिए सैंपल
पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी वहां पहुंची। खेत और भट्ठा पर फॉरेंसिक टीम ने करीब 2 घंटे तक छानबीन की। लड़कियों के कपड़े और उनके शरीर पर लगी मिट्टी के सैंपल लिए गए।





















