Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP News:जबलपुर में भाजपा नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से मौत, विवाद बढ़ने पर निकाली थी पिस्टल

जबलपुर के न्यू शोभापुर इलाके में भाजपा महिला नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से मौत हो गई। गंभीर हालत में परिजन उन्हें हैदराबाद ओमेगा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जबलपुर में भाजपा नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से मौत, विवाद बढ़ने पर निकाली थी पिस्टल

जबलपुर। प्राथमिक जांच में मामला दुर्घटनावश गोली चलने का माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि घर के बाहर हो रहे विवाद के दौरान संगीता रजक लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर आई थीं। इसी दौरान हड़बड़ाहट में गोली चल गई और उनके पेट में जा लगी। 

देर रात घर के बाहर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना न्यू शोभापुर इलाके में शनिवार देर रात 1 से 2 बजे के बीच हुई। संगीता रजक के घर के बाहर कुछ लोग गाली-गलौज और शोर-शराबा कर रहे थे। आवाज सुनकर वे अपने पति बंटी रजक के साथ बाहर निकलीं। पति-पत्नी ने लोगों को फटकारा तो माहौल तनावपूर्ण हो गया।

ये भी पढ़ें: CBSE OSM Row : राहुल गांधी ने की 18 साल के सार्थक की तारीफ, बोले- ये तो CBI से भी तेज

लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर आईं

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान संगीता रजक घर के अंदर गईं और अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर वापस बाहर आईं। इसी दौरान अचानक स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। हड़बड़ाहट के बीच उनके हाथ में मौजूद पिस्टल का ट्रिगर दब गया। गोली सीधे उनके पेट में जा लगी और वे मौके पर ही गिर पड़ीं।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में उन्हें हैदराबाद ओमेगा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संगीता रजक को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

ये भी पढ़ें: क्या आप भी ORS को एनर्जी ड्रिंक समझ रहे हैं? जरूरत से ज्यादा सेवन बिगाड़ सकता है शरीर का संतुलन

पुलिस कर रही जांच 

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि देर रात विवाद किस बात को लेकर हो रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि कुछ दिन पहले अज्ञात बदमाशों ने उनके घर पर बम फेंके थे। उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई थी। इस संबंध में बंटी रजक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

पिछली बार लड़ा था पार्षद का चुनाव 

संगीता रजक ने पिछले नगरीय निकाय चुनाव में गोकलपुर वार्ड से भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन वे आगामी चुनाव की तैयारी कर रही थीं। उनके पति बंटी रजक भी विधायक प्रतिनिधि रह चुके हैं। वे वीर सावरकर मंडल में उपाध्यक्ष और बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts