5 राज्यों के रुझानों के बीच MP में बीजेपी का जश्न :झालमुड़ी बटी, ढोल-नगाड़े बजे; कैलाश विजयवर्गीय हुए भावुक, शिवराज बोले- संकल्प साकार

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में जारी मतगणना के बीच देश की राजनीति में बड़ा हलचल देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों ने कई राज्यों में सियासी समीकरण बदलते हुए दिखाए हैं। इन रुझानों का असर मध्य प्रदेश में भी साफ नजर आया, जहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। राजधानी भोपाल से लेकर इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन तक बीजेपी कार्यालयों में जश्न का माहौल बन गया। कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए, ढोल-नगाड़ों की थाप गूंजने लगी और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की गई।
झालमुड़ी बनी खुशी का स्वाद
मध्य प्रदेश में बीजेपी की बढ़त के संकेत मिलते ही जश्न शुरू हो गया। भोपाल में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच झालमुड़ी बांटी। यह जश्न सिर्फ औपचारिक नहीं था, बल्कि पूरी तरह उत्साह और ऊर्जा से भरा हुआ नजर आया। इंदौर और महू में भी कार्यकर्ता एकत्र होकर नाचते-गाते दिखाई दिए। पटाखों की आवाज और नारों की गूंज से माहौल पूरी तरह चुनावी जीत के रंग में रंग गया। बीजेपी विधायक अभिलाष पांडेय ने खुद कार्यकर्ताओं को झालमुड़ी बांटकर खुशी जाहिर की। वहीं मंदसौर में सांसद सुधीर गुप्ता ने हनुमान चालीसा का पाठ कर जीत के लिए आभार जताया। उज्जैन में विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी कार्यकर्ताओं के साथ नाचते नजर आए।
कैलाश विजयवर्गीय बोले- यह जीत खास है
इंदौर में मीडिया से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भावुक नजर आए। उन्होंने अपने राजनीतिक संघर्ष और कार्यकर्ताओं की मेहनत को याद करते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ सीटों की संख्या नहीं है, बल्कि लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह जीत दमनकारी शासन के खिलाफ जनता के विश्वास की जीत है। मेरे ऊपर झूठे आरोप लगाए गए, मुझे निशाना बनाया गया, लेकिन कार्यकर्ताओं का हौसला नहीं टूटा। आज जो आंसू हैं, वो दुख के नहीं बल्कि इस जीत की खुशी के हैं।
शिवराज सिंह चौहान का बयान- एक संकल्प पूरा हुआ
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इन रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम पार्टी के लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों और जनता के विश्वास का नतीजा है। शिवराज ने कहा कि यह सिर्फ चुनावी जीत नहीं है, यह हमारे एक बड़े संकल्प की पूर्ति है। कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की है और जनता ने उस पर भरोसा जताया है।
हेमंत खंडेलवाल का हमला- कांग्रेस गायब हो रही है
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस धीरे-धीरे देश के राजनीतिक नक्शे से खत्म होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनता का भरोसा खो चुकी है। बीजेपी की नीतियों और नेतृत्व पर लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। झालमुड़ी को लेकर उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि यह उनके लिए नया नहीं है, क्योंकि उनका पारिवारिक संबंध कोलकाता से है।
ये भी पढ़ें: PM Modi LIVE: दिल्ली बीजेपी मुख्यालय से पीएम मोदी का संबोधन, 'गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला'
MP के नेताओं ने भी निभाई थी अहम भूमिका
इन चुनावों में मध्य प्रदेश के कई वरिष्ठ बीजेपी नेताओं ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में जाकर प्रचार किया था। पार्टी ने विस्तार की रणनीति के तहत इन राज्यों में पूरी ताकत झोंकी थी। अब जब रुझान पार्टी के पक्ष में आते दिख रहे हैं, तो उसका असर एमपी में जश्न के रूप में दिखाई दे रहा है।












